Breaking News

गाजीपुर: आर एस कान्वेंट स्कूल बाराचवंर में धूमधाम के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस

गाजीपुर। जनपद के आर एस कान्वेंट स्कूल बाराचवंर के प्रांगण में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और सम्मानपूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के सभी शिक्षकों द्वारा पहले पीरियड में विद्यार्थियों को भारत के महान शिक्षाविद, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन, व्यक्तित्व और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के बारे में जानकारी देने के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय परिसर में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैल चित्र पर शिक्षकों और विद्यालय परिवार के सदस्यों ने माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। दीप प्रज्वलित कर ज्ञान और शिक्षा के महत्व का संदेश दिया गया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर शिक्षक दिवस की भावना से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक यशवन्त सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और भविष्य को आकार देने वाला मार्गदर्शक होता है। उन्होंने कहा कि एक अच्छे शिक्षक का प्रभाव बच्चे के जीवन में लंबे समय तक बना रहता है। शिक्षक बच्चों को केवल किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि उन्हें संस्कार, अनुशासन, जिम्मेदारी और जीवन में सही रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों का सम्मान करने और उनके बताए अच्छे मार्ग पर चलने का आह्वान किया। वहीं प्रधानाचार्य जितेन्द्र यादव ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल बच्चों को विषय पढ़ाना नहीं, बल्कि उनमें अच्छे संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए अपने माता-पिता के साथ-साथ शिक्षकों के प्रति भी सदैव सम्मान का भाव रखना चाहिए। शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में भाषण, गीत-संगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों का मन मोह लिया। कई विद्यार्थियों ने अपने वक्तव्य के माध्यम से बताया कि उनके जीवन में शिक्षक किस प्रकार मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं। इसके बाद विद्यालय के शिक्षकों ने भी अपने विचार रखे और विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, मेहनत, संस्कार तथा अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षकों को सम्मान स्वरूप उपहार प्रदान कर उनका अभिनंदन किया गया। सम्मान पाकर शिक्षकों के चेहरे पर खुशी और गर्व की झलक दिखाई दी। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में गुरु-शिष्य के बीच सम्मान, स्नेह और अपनत्व का भाव देखने को मिला। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: एमएलसी चंचल सिंह ने 247 बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री

गाजीपुर। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने विधानसभा सैदपुर क्षेत्र के ग्राम गौरी तेतारपुर में आज …