गाजीपुर। तुलसीसागर स्थित गन्धर्व म्यूजिक एकेडमी में एकेडमी के दस वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगीत, साहित्य और कला क्षेत्र से जुड़े लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रोताओं को सुर, लय और ताल से भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कलाकारों ने गीत-संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं और पूरा वातावरण संगीतमय हो उठा। कार्यक्रम में भारतीय संगीत और संस्कृति की विविध छटाओं की सुंदर झलक देखने को मिली। इस अवसर पर शहीद स्मारक इंटर कॉलेज, नंदगंज के सेवानिवृत्त प्रवक्ता एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. गजाधर शर्मा ‘गंगेश’ को उनके शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने पर उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके दीर्घकालीन शैक्षिक एवं साहित्यिक योगदान की सराहना की। समारोह में गन्धर्व म्यूजिक एकेडमी के निदेशक डॉ. विद्यानिवास पाण्डेय ने कहा कि संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार और संवेदनाओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। एकेडमी द्वारा दस वर्षों से संगीत के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को उपस्थित लोगों ने सराहा। कार्यक्रम के अंत में आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले कलाकारों, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह में शामिल लोगों ने गन्धर्व म्यूजिक एकेडमी के दस वर्ष पूरे होने पर निदेशक डॉ. विद्यानिवास पाण्डेय को शुभकामनाएं देते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….