गाजीपुर सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में प्रार्थना सभा के दौरान छात्र-छात्राओं के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास हेतु एक विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अनुभवी योग प्रशिक्षक प्रतीक्षा पाण्डेय, धीरज राय एवं सैयद सलमान हैदर ने बच्चों को योग की महत्ता से अवगत कराया। जिसमें सूक्ष्म व्यायाम एवं प्राणायाम – अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी आसन – ताड़ासन, वज्रासन, पद्मासन, भुजंगासन, त्रिकोणासन ध्यान एवं शिथिलीकरण आदि सम्मिलित रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य चन्द्रसेन तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “प्रिय बच्चों, योग भारत की प्राचीन धरोहर है। आज के इस तनावपूर्ण और मोबाइल के युग में योग ही एक ऐसा माध्यम है जो हमें स्वस्थ, एकाग्र और संस्कारित रख सकता है। जो बच्चा रोज 15 मिनट योग करेगा, उसकी पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ेगी, शरीर स्वस्थ रहेगा और मन शांत रहेगा। मैं चाहता हूँ कि आप सभी जो आज सीखा है, उसे अपने जीवन में रोज अपनाएं।” उन्होंने तीनों योग प्रशिक्षकों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उक्त अवसर पर उपप्रधानाचार्य आवेश कुमार ने बच्चों को अनुशासन और नियमितता का संदेश दिया तथा कोऑर्डिनेटर अमित सिंह ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग दिया।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….