Breaking News

सत्यदेव डिग्री कॉलेज, गाजीपुर में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का हुआ आयोजन

गाजीपुर। मेरा युवा भारत, जनपद गाजीपुर के तत्वावधान में आज सत्यदेव डिग्री कॉलेज, गाजीपुर में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘नो योर वोट (Know Your Vote)’ रहा, जिसमें 100 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा, सत्यदेव डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार, यूथ आइकॉन सृजन चतुर्वेदी, दिग्विजय उपाध्याय, सुभाष चंद्र प्रसाद एवं नवीन कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने मेरा युवा भारत (MY Bharat ) द्वारा संचालित विभिन्न युवा सहभागिता एवं नेतृत्व विकास संबंधी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग एवं विकसित भारत युवा संसद के उद्देश्यों, गतिविधियों तथा युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से इन कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया। इसके उपरांत कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं यूथ आइकॉन श्रीजन चतुर्वेदी ने ‘Know Your Vote’ विषय पर युवाओं के साथ संवाद करते हुए मतदाता जागरूकता के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–SIR) की आवश्यकता, उद्देश्य तथा इसकी चरणबद्ध प्रक्रिया को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाए रखने के लिए एसआईआर जैसी प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्होंने मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम एवं विवरण में संशोधन कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न आवश्यक प्रपत्रों (फॉर्म) के उपयोग एवं उनकी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि मतदान केवल एक अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण नागरिक जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करना चाहिए तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदाता जागरूकता के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित समस्याओं का समाधान हिंसा या अराजकता के बजाय संवैधानिक एवं वैधानिक माध्यमों से किया जाना चाहिए। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार ने युवाओं को लोकतांत्रिक शपथ दिलाई तथा उन्हें अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, दिग्विजय उपाध्याय ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का मंच संचालन कर रहे सुभाष चंद्र प्रसाद ने कार्यक्रम के विषय एवं उद्देश्यों से युवाओं को अवगत कराते हुए उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं की जिज्ञासाओं के समाधान हेतु प्रश्नोत्तरी एवं संवाद सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, मतदाता अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें एक जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।

Image 1

Check Also

गाजीपुर: डालिम्स सनबीम स्कूल, गांधीनगर के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, बने 8 नेशनल टॉपर्स

गाजीपुर। BrainObrain द्वारा आयोजित National Wonderkid Competition में डालिम्स सनबीम स्कूल, गांधीनगर के विद्यार्थियों ने …