गाजीपुर। “सरफ़रोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है ज़ोर कितना बाज़ु-ए-क़ातिल में है।”देशभक्ति की इन्हीं भावनाओं के बीच बुधवार को दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के धामूपुर गांव स्थित शहीद पार्क में परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद का 60वां शहादत दिवस अद्वितीय श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। यह आयोजन केवल एक रस्म नहीं बल्कि शहीद के अदम्य साहस और बलिदान को पीढ़ियों तक याद रखने का संकल्प बना।
तिरंगा यात्रा से गूंज उठा इलाका
सुबह 8 बजे उपजिलाधिकारी अतुल कुमार, सीओ चोब सिंह, बीडीओ भीमराव प्रसाद, समाजसेवी निजामुद्दीन सिद्दीकी और आयोजक परवेज अहमद की अगुवाई में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। सैकड़ों बाइक सवार युवाओं ने हाथों में तिरंगे के साथ “भारत माता की जय” और “वीर अब्दुल हमीद अमर रहें” के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।तिरंगा यात्रा दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची, जहां शहीद की शिला पट्टिका पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इसके बाद यात्रा देवा, अमारी, झोटारी गांवों से होते हुए शहीद पार्क में पहुंची। वहां वीर अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर हजारों लोगों ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बंधा समा
शहीद पार्क में आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया। अर्श पब्लिक स्कूल दुल्लहपुर, मां शारदा चिल्ड्रेन इंटर कॉलेज जलालाबाद, जवाहर नवोदय विद्यालय गाज़ीपुर और किंग डांस एकेडमी नंदगंज के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य मंचन से दर्शकों को भावविभोर कर दिया।करीब चार घंटे तक चले इन कार्यक्रमों में तिरंगे का गौरव, शहीदों का पराक्रम और भारत माता के प्रति श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। हजारों की भीड़ ने तालियों और जयघोष से बच्चों का हौसला बढ़ाया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….