Breaking News

पीएम मोदी के जन्‍मदिन पर मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्‍वविद्यालय गोरखपुर 100 क्षय रोगियो को लेगा गोद

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के शिक्षकों/ अधिकारियों द्वारा क्षय रोग से ग्रसित 100 रोगियों को गोद लिया जाएगा। बताते चलें कि राजभवन, लखनऊ द्वारा की गई अपेक्षा के क्रम में माननीय प्रधानमंत्री जी के 75वें जन्मदिन के मौके पर क्षय रोग से ग्रसित 75 रोगियों को गोद लेने की अपेक्षा की गई थी। विश्वविद्यालय के शिक्षकों और अधिकारियों द्वारा इस कार्यक्रम में बढ़ चढ़ कर सहभागिता करते हुए 100 क्षय रोगियों को गोद लेने की सहमति प्रदान की है। दिनांक 17 सितंबर को विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में गोद लेने संबंधी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। क्षय रोगियों को गोद लेने वाले शिक्षकों एवं अधिकारियों में कुलपति प्रो जे पी सैनी, कुलसचिव चंद्र प्रकाश प्रियदर्शी, वित्त नियंत्रक विनय कुमार राय के अलावा प्रो शिव प्रकाश, प्रो आर डी पटेल, प्रो वी के गिरि, प्रो एस एन सिंह, प्रो वी के मिश्र, प्रो जीउत सिंह, प्रो राकेश कुमार, प्रो जय प्रकाश, प्रो एस के सोनी, प्रो ए के मिश्र, प्रो एल बी प्रसाद, प्रो डी एस सिंह, प्रो संजय मिश्र, प्रो प्रभाकर तिवारी, प्रो वी एल गोले, प्रो बी के पांडेय, और प्रो राजेश कुमार यादव शामिल हैं। सभी शिक्षकों/ अधिकारियों द्वारा 5-5 क्षय रोगियों को गोद लिया गया है। गोद लिए गए क्षय रोगियों की सूची, उनका संपर्क सूत्र शिक्षकों को उपलब्ध करा दिया गया है जिससे कि वे उनके संपर्क में रहें। समस्त शिक्षक/अधिकारी गण अपने द्वारा गोद लिए गए प्रत्येक व्यक्ति को छह माह तक मासिक आधार पर पोषण पोटली उपलब्ध कराएंगे तथा उसका खर्च वे स्वयं वहन करेंगे। पोषण पोटली में भुना चना, गुड़, मूंगफली, चिक्की, सत्तू और अन्य पोषक सामग्री शामिल होती है। कार्यक्रम में कोई व्यवधान न आए इसके लिए विश्वविद्यालय पोषण पोटली की व्यवस्था करेगा तथा शिक्षकगण भुगतान कर पोटली प्राप्त कर क्षय रोगियों को उपलब्ध कराएंगे। इसके अलावा शिक्षकगण अपने द्वारा गोद लिए गए क्षय रोगियों को अपने परिजन की तरह  भावनात्मक सहयोग प्रदान करेंगे एवं प्रदेश सरकार द्वारा डॉट्स के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही औषधियों को उपचार अवधि में बिना नागा खाने हेतु भी प्रेरित भी करेंगे। शिक्षकों द्वारा आगे बढ़कर अपेक्षा से अधिक क्षय रोगियों को गोद लेने के प्रयास के विषय में माननीय कुलपति प्रो जे पी सैनी जी ने कहा कि “माननीय प्रधानमंत्री जी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों और अधिकारियों द्वारा 100 क्षय रोगियों को गोद लेने का निर्णय न केवल सामाजिक दायित्व का प्रतीक है, बल्कि मानवता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। यह पहल विश्वविद्यालय परिवार की एकजुटता और संवेदनशीलता को प्रदर्शित करती है। हमारा उद्देश्य न केवल पोषण पोटली के माध्यम से रोगियों को शारीरिक रूप से सशक्त करना है, बल्कि भावनात्मक सहयोग और जागरूकता के जरिए उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी है। मैं विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों और अधिकारियों को उनके इस पुनीत कार्य के लिए हृदय से धन्यवाद देता हूँ और आशा करता हूँ कि यह प्रयास क्षय रोग मुक्त भारत के निर्माण में एक मील का पत्थर साबित होगा।”

Image 1 Image 2

Check Also

शाहीन परवीन ने गाजीपुर का नाम किया रोशन, राज्‍यपाल ने दिया गोल्‍ड मेडल

गाजीपुर। भाजपा के सदर पश्चिमी मंडल मीडिया प्रभारी परवेज खान की भतीजी शाहीन परवीन (खुशी) …