गाज़ीपुर। प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान महात्मा ज्योतिबा फुले पब्लिक स्कूल, जगदीशपुर, गाज़ीपुर में दिनांक 10 दिसंबर 2025, बुधवार को विद्यालय का वार्षिक समारोह “उल्लास–2025” अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लद्दाख विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर साकेत कुशवाहा द्वारा दीप प्रज्वलन के माध्यम से किया गया। मुख्य अतिथि का स्वागत विद्यालय के संस्थापक व पूर्व सांसद जगदीश सिंह कुशवाहा, विद्यालय के प्रबंधक राजेश कुशवाहा, विद्यालय की सह-प्रबंधक संध्या कुशवाहा तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं गाज़ीपुर ज़िले में सीबीएसई द्वारा संचालित विद्यालयों के सिटी कोऑर्डिनेटर सुदर्शन सिंह कुशवाहा द्वारा बुके भेंट कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें वेलकम सॉन्ग, वेलकम डांस, लीलीपुट डांस, बिहू डांस, दक्षिण भारतीय नृत्य तथा अत्यंत आकर्षक इल्युज़न डांस शामिल थे। सभी प्रस्तुतियों में बच्चों की ऊर्जा, लगन, अनुशासन एवं मंच-प्रस्तुति कौशल सराहनीय रहा। सामाजिक संदेशों से ओत-प्रोत नाट्य-प्रस्तुतियों में “क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले”, “एकता में शक्ति – एक चिड़िया” तथा “नई पीढ़ी की कठोर वास्तविकता” जैसे नाटकों ने दर्शकों को भावुक एवं जागरूक किया। केजी किड्स फैशन शो में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने मनमोहक अंदाज़ से सभी का हृदय जीत लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रस्तुत क्लासिकल, फोक, फ्यूज़न एवं फैशन डांस की अनोखी कोरियोग्राफी, सुरीले संगीत संयोजन और मनमोहक मंचन ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। यह प्रस्तुति “उल्लास–2025” की मुख्य आकर्षक प्रस्तुतियों में से एक रही। विद्यालय के प्रबंधक मा० राजेश कुशवाहा द्वारा मुख्य अतिथि माननीय कुलपति प्रोफेसर साकेत कुशवाहा एवं अन्य गणमान्य अतिथियों को स्मृति-चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में विद्यालय के संस्थापक व पूर्व सांसद माननीय श्री जगदीश सिंह कुशवाहा ने विद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को अंगवस्त्र व स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय परिवार ने उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और उनके योगदान को प्रेरणास्रोत बताया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय कुलपति प्रोफेसर साकेत कुशवाहा ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि जीवन में बिना कठिनाइयों के सफलता संभव नहीं है। प्रत्येक विद्यार्थी को प्रतिदिन अपने भविष्य के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए। हर मनुष्य के जीवन का एक निश्चित उद्देश्य होना चाहिए और उस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत व लगन से कार्य करना आवश्यक है। यदि व्यक्ति परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े, तो दुनिया की कोई भी मंज़िल असंभव नहीं रहती। उन्होंने छात्रों को सकारात्मक सोच, संघर्षशीलता, अनुशासन एवं समय के सदुपयोग का संदेश दिया। विद्यालय के संस्थापक व पूर्व सांसद माननीय श्री जगदीश सिंह कुशवाहा ने विद्यालय के 33 वर्षों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के विकास में विद्यालय परिवार के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए समाज में हो रहे नैतिक पतन पर चिंता व्यक्त की तथा कहा कि वर्तमान समय में छात्रों को संस्कारिक, गुणवत्ता-परक एवं तकनीकी शिक्षा दिए जाने की अत्यंत आवश्यकता है, ताकि वे विद्यालय से निकलने के बाद एक बेहतर समाज के निर्माण में अपना योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि छात्रों को ऐसी शिक्षा दी जानी चाहिए जो उन्हें आत्मनिर्भर एवं हुनरमंद बनाए। इस अवसर पर सह-प्रबंधक माननीय संध्या कुशवाहा, चंद्रगुप्त मौर्य, सुभाष चंद्र, हरिनाथ कुशवाहा, रामबचन कुशवाहा, गोपाल यादव, अवधेश कुशवाहा, सूर्यनाथ कुशवाहा, रामधारी यादव, अलगू कुशवाहा, रामप्रताप मौर्य (प्रधानाचार्य, शारदा चिल्ड्रेन कॉलेज, जलालाबाद, गाज़ीपुर), सुरेश प्रसाद चौरसिया, वसंत शर्मा, दिनकर सिंह, संजीव अग्रहरी, अनुपमा वर्मा, हरि कुशवाहा, दीपक कुमार, राज नारायण कुशवाहा, गाज़ीपुर ज़िले के सीबीएसई बोर्ड द्वारा संचालित विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षागण, अभिभावक व छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुदर्शन सिंह कुशवाहा ने मुख्य अतिथि महोदय सहित सभी अतिथियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त शिक्षकों, विद्यालय परिवार एवं छात्रों की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य श्री राकेश पांडेय तथा एंकर आदित्य राय, आदित्य कुशवाहा, परी गुप्ता, खुशी यादव एवं रितिका गुप्ता उत्कर्ष जयसवाल ने सामूहिक रूप से किया।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….