लखनऊ। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का चुनाव अंतिम दौर में है। 14 दिसंबर यानी रविवार को यूपी चीफ के नाम का ऐलान हो जाएगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के प्रदेश संगठन चुनाव अधिकारी महेंद्र नाथ पांडे ने गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया की घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए 13 दिसंबर, शनिवार को दोपहर 1 से 2 बजे के बीच नामांकन दाखिल किए जाएंगे। यह काम केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े की देखरेख में किया जाएगा। इसके बाद 14 दिसंबर को केंद्रीय चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा करेंगे। मौजूदा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का कार्यकाल जनवरी 2024 में खत्म हो गया है। भाजपा 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लखनऊ के प्रस्तावित दौरे से पहले नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव करने के मूड में है। यूपी प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, डिप्टी सीएम केशव मौर्या, पंकज चौधरी, निषाद समाज से आने वालीं साध्वी निरंजन ज्योति, वरिष्ठ नेता स्वतंत्रदेव सिंह, यूपी सरकार में मंत्री धर्मपाल सिंह, राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा, अमरपाल मौर्य और विद्यासागर सोनकर का नाम होने की अटकलें हैं।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….