Breaking News

आजमगढ़: पेड़ से टकराई कार, गाजीपुर निवासी दो व्‍यापारियों की मौत, एक गंभीर

आजमगढ़। आजमगढ़–गाजीपुर मार्ग पर नगर पंचायत जहानागंज बाजार क्षेत्र के भुजही मोड़ से कुछ आगे रविवार सुबह करीब 6:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। गाजीपुर से आजमगढ़ की ओर आ रही मारुति ओमनी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। ओमनी में कुल तीन लोग सवार थे। मृतकों की पहचान शशि सिंह (40) निवासी ग्राम सेमऊर, जखनियां (गाजीपुर) और तौफीक (25) निवासी दुल्लहपुर के रूप में हुई है। शशि सिंह जखनियां बाजार में ‘प्रिन्सी गारमेंट्स’ के नाम से दुकान चलाते थे, जबकि तौफीक दुल्लहपुर में कपड़ा व जूता-चप्पल की दुकान के संचालक थे। हादसे में वाहन चालक बुलेट (30)निवासी दुल्लहपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना जहानागंज पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने से हुआ प्रतीत हो रहा है। परिजनों के मुताबिक तीनों लोग खलीलाबाद से कंबल लेकर वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। मृतक शशि सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी सुषमा सिंह और एक पुत्र हर्ष सिंह है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी सुषमा सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …