लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के अंतर्गत कार्यरत अकादमिक एवं शोध क्लब FLUX (Future Leaders of Unbound Xperiments) द्वारा नवाचार एवं रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करने हेतु IDEATHON 2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह बहुप्रतीक्षित आइडियाथॉन 17 दिसंबर से 19 दिसंबर, 2025 तक विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होगा। IDEATHON 2025 का उद्देश्य छात्रों को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहाँ वे अपने नवाचारी विचारों को वास्तविक, व्यावहारिक एवं समाजोपयोगी समाधानों में परिवर्तित कर सकें। इस आयोजन को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी के संरक्षण मे किया जा रहा है। कार्यक्रम के संयोजक प्रो. राकेश कुमार, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग हैं। आयोजन को सफल बनाने में फैकल्टी समन्वयक के रूप में डॉ. बी.के. शर्मा, डॉ. सत्य प्रकाश यादव, डॉ. शांतनु शाही, डॉ. सात्विक वत्स एवं डॉ. श्वेत केतु छात्रों को निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। इनके दिशानिर्देशन मे FLUX के अध्यक्ष एवं छात्र प्रमुख शिवम राय के नेत्रत्व मे 50 छात्र छात्राओं की समिति इस कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित रूप से कराने के लिए IDEATHON 2025 को तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण में 10 से 15 दिसंबर, 2025 तक पंजीकरण एवं प्रारंभिक विचारों की पीपीटी सबमिशन की जाएगी। द्वितीय चरण में 17 दिसंबर को उद्घाटन समारोह के साथ चयनित टीमों द्वारा प्रस्तुति एवं समीक्षा होगी। तृतीय एवं अंतिम चरण में 18 दिसंबर को फाइनल डॉक्यूमेंटेशन एवं प्रस्तुति आयोजित की जाएगी, जबकि 19 दिसंबर, 2025 को समापन समारोह के साथ विजेताओं की घोषणा की जाएगी। इस आइडियाथॉन में न्यूनतम 3 एवं अधिकतम 4 सदस्यों की टीम भाग ले सकती है, जिसमें कम से कम एक महिला सदस्य का होना अनिवार्य है। अंतर-विभागीय एवं अंतर-विषयक टीमों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया है। प्रतिभागियों को अनुभवी फैकल्टी एवं डोमेन एक्सपर्ट्स का मार्गदर्शन प्राप्त होगा, जिससे उनके विचारों को और अधिक परिष्कृत किया जा सके। IDEATHON 2025 में विजेता टीमों को प्रमाण-पत्र, पुरस्कार एवं विश्वविद्यालय द्वारा प्रायोजित पेटेंट फाइलिंग का विशेष अवसर प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही कुल ₹15,000 से अधिक की पुरस्कार राशि एवं इनक्यूबेशन सपोर्ट भी प्रदान किया जाएगा। FLUX द्वारा आयोजित यह आयोजन न केवल छात्रों की रचनात्मक क्षमता को निखारने का कार्य करेगा, बल्कि उन्हें वास्तविक समस्याओं के समाधान हेतु प्रेरित कर एक जिम्मेदार और नवाचारी भविष्य निर्माता बनने का अवसर भी देगा।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….