Breaking News

आजमगढ़: तेज रफ्तार कार ट्रक में घुसी, तीन की मौत, चार गंभीर

आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पिलर-254 पर बृहस्पतिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार कार की ट्रक में भिड़ंत से हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मेरठ जिले के थाना सरधना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी लोग कार से यात्रा कर रहे थे। वे मेरठ से वाराणसी इलाज के लिए जा रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेस-वे पर आगे चल रहे एक ट्रक में तेज रफ्तार कार पीछे से जा टकराई। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज गति और कोहरा बताया जा रहा है। हादसे में प्रिंस (10), उसके पिता विशेष (40) और एक अज्ञात व्यक्ति (50) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं डोली (31) पत्नी विशेष, अंशिका (14) पुत्री विशेष, कार्तिक (11) पुत्र विशेष और सत्या (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर मुबारकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला मंडलीय चिकित्सालय, आजमगढ़ में भर्ती कराया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस संबंध में सीओ सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पिलर संख्या 254 पर एक वाहन कोहरे के कारण ट्रक में जा भिड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह लोग ओमनी गाड़ी से मेरठ से वाराणसी जा रहे थे।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाला गिरफ्तार

थाना कासिमाबाद पुलिस द्वारा सिया धर्म गुरु और ईरान के शहीद सुप्रीम लीडर खामेनेई के …