गाजीपुर। गाजीपुर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की द्वितीय वर्ष की छात्रा अवर्तिका श्रीवास्तव ने लखनऊ विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश राज्य सरकार के युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2025-26’ के अंतर्गत ‘विकसित भारत चैलेंज’ राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। अवर्तिका का विषय था “भारत की सॉफ्ट पावर: सांस्कृतिक कूटनीति और विकसित भारत के लिए वैश्विक प्रभाव”, चयन के पश्चात अब उन्हें नई दिल्ली में अखिल भारतीय स्तर पर प्रधानमंत्री जी के समक्ष भारत मंडपम में अपना प्रदर्शन करना है। वहीं दूसरी ओर आई आई टी, शिलांग में इण्डियन साइंस कांग्रेस में बी एच एम एस चतुर्थ वर्ष के छात्रों ने पोस्टर प्रजेंटेशन और पेपर प्रजेंटेशन में अखिल भारतीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय के प्रतिभाशाली प्राचार्य प्रो डॉ राजेंद्र राजपूत के कार्यकाल में न सिर्फ शैक्षणिक बल्कि शोध नवाचार, रोगों के प्रति संचार कौशल, सामाजिक रोग निवारण जागरूकता, विकलांगता जागरूकता कार्यशाला, स्कूली छात्राओं हेतु सुपोषण कार्यशाला, वर्क प्लेस वेल बीइंग हेतु योगाभ्यास आदि अभिनव कार्यक्रम विकसित किए गए हैं। विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर तथा योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन जिला जेल एवं पुलिस लाइन में किया जा रहा है। महाविद्यालय के अस्पताल में फिजियो थेरेपी, योग और पोषण विशेषज्ञ की सेवाएं उपलब्ध हैं। अवर्तिका श्रीवास्तव की तरह ही युवा संसद कार्यक्रम में श्रेया सिंह ने इस मुकाम तक पहुंचकर कॉलेज को गौरवान्वित किया है। कॉलेज के प्रो डॉ सुबोध त्रिपाठी, प्रो डी पी सिंह, प्रो डॉ सेंगर, डॉ प्रणेश, डॉ श्रीवास्तव, डॉ अवधेश जी और समस्त कर्मचारीयों ने शुभकामनाएं देते हुए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की कामना की है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….