सोनभद्र। जिले की दुद्धी विधानसभा सीट से सपा विधायक विजय सिंह गोंड के अंतिम दर्शन के लिए शुक्रवार को लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। कटौली गांव स्थित पैतृक आवास पर सुबह से ही जननेता को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का रेला लगा रहा। उनकी इच्छा अनुसार गोंडी परंपरा के तहत दोपहर बाद घर के सामने ही पार्थिव शरीर को दफन किया गया। समाजवादी पार्टी के झंडे में विजय सिंह को अंतिम विदाई दी गई। दुद्धी से आठ बार के विधायक विजय सिंह गोंड का बृहस्पतिवार को लखनऊ पीजीआई में निधन हो गया था। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। डॉक्टरों ने मल्टी ऑर्गन फेल होने को मौत की वजह बताई। निधन की खबर मिलते ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पीजीआई पहुंचे थे। वहां से पार्थिव शरीर को विशेष वाहन में रखवाकर दुद्धी के लिए रवाना किया था। देर रात करीब सवा नौ बजे विजय सिंह का शव रॉबर्ट्सगंज पहुंचा। चुर्क मोड़ स्थित सपा के जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव के नेतृत्व में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं ने विजय सिंह को सपा का झंडा ओढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद देर रात शव को दुद्धी होते हुए कटौली स्थित पैतृक आवास पर लाया गया। यहां सुबह से ही आदिवासी नेता विजय सिंह गोंड के अंतिम दर्शन के लिए लोगों का रेला लगा रहा। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड, एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, डीएम बद्रीनाथ सिंह, एसपी अभिषेक वर्मा, एसडीएम निखिल यादव, सीओ राजेश राय आदि ने पुष्प चक्र अर्पित कर नमन किया। पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद पैतृक आवास के सामने पार्थिव देह को मिट्टी में दफन किया गया। परिजनों के मुताबिक यही उनकी अंतिम इच्छा भी थी। इसी स्थान पर समाधि का निर्माण कराया जाएगा। अंतिम संस्कार की परंपरा पुत्र बीरेंद्र सिंह गोंड, विजेंद्र सिंह गोंड, नीरेंद्र सिंह गोंड ने पूरी कराई। इस दौरान जनसमूह के बीच विजय सिंह गोंड अमर रहे का उद्घोष होता रहा। इस मौके पर पूर्व मंत्री व्यास गोंड, सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री राम विचार नेताम, एसटी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रवि सिंह गोंड, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय यादव, पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा, भाजपा नेता श्रवण सिंह गोंड, जिला पंचायत सदस्य जुबेर आल, जयप्रकाश उर्फ चेखुर पांडेय, प्रतिभा सिंह उरैति, संजय सिंह गोंड धुर्वे, इश्तियाक खां, सुनील सिंह गोंड, प्रशांत सिंह, अवधनारायण यादव, जगदीश यादव, राजू शर्मा, अभिनय जायसवाल आदि मौजूद रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….