Breaking News

 गाजीपुर: हटाई जाएगी सादात नगर में स्‍थापित पूर्व ब्‍लाक प्रमुख रघुवंश सिंह की प्रतिमा, नई जगह की तलाश शुरु   

गाजीपुर। सैदपुर-शादियाबाद मार्ग पर सादात नगर में रेलवे स्टेशन को जाने वाले चौराहा पर लगे पूर्व ब्लॉक प्रमुख रघुवंश सिंह की प्रतिमा को चौराहे से अन्यत्र हटाया जाएगा। इसे लेकर इन दिनों प्रशासन की कवायद तेज हो गई है। इसके लिए उचित स्थान की तलाश की जा रही है। यह निर्णय सैदपुर से मरदह तक बन रहे एनएच 124 डी के निर्माण के मद्देनजर लिया गया है। जखनियां के एसडीएम अतुल कुमार ने इस संबंध में पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्व. रघुवंश सिंह के भतीजे प्रणवीर सिंह (हीरो एजेंसी के संचालक), वर्तमान ब्लॉक प्रमुख और बीडीओ से संपर्क किया है। उन्होंने इन सभी से प्रतिमा के पुनर्स्थापन के लिए उपयुक्त सार्वजनिक स्थान चिन्हित करने को कहा है। स्व. रघुवंश सिंह सादात की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत मिर्जापुर के निवासी थे। उनका जन्म 10 मार्च 1939 को हुआ था और निधन 11 अप्रैल 1997 को हुआ। वह 20 जुलाई 1961 से 11 अप्रैल 1997 तक बापू इंटर कॉलेज में भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता के रूप में सेवा दिए। वह मई 1983 से जुलाई 1995 तक तीन बार सादात के ब्लॉक प्रमुख भी रहे। इसके अतिरिक्त, वे 1992 से 1997 तक जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी थे। सादात नगर में रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले चौराहे पर स्थापित उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण 14 फरवरी 1999 को तत्कालीन जिलाधिकारी राजन शुक्ला ने किया था। प्रशासन का कहना है कि चौराहे पर स्थित यह प्रतिमा यातायात को सुगम बनाने में बाधा उत्पन्न कर रही है। पीडब्ल्यूडी वाराणसी मंडल के अधिशाषी अभियंता मृत्युंजय यादव ने बताया कि मूर्ति हटाने का मुख्य कारण वाहनों के सुचारु आवागमन और लोगों को होने वाली असुविधा को दूर करना है।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …