Breaking News

बीएसपी के खिलाफ साजिश कर रही हैं विपक्षी पार्टियां, रहे सावधान- मायावती

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को पार्टी की अहम बैठक बुलाई। मीडिया को संबोधित करते हुए आगामी यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अब चुनाव होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, इसलिए पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता अभी से पूरी मजबूती के साथ तैयारी में जुट जाएं। एसआईआर के चलते पार्टी की गतिविधियां प्रभावित हुईं हैं। मायावती ने संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया। बीसएपी सुप्रीमो ने विपक्षी दलों पर भी आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक पार्टियां बीएसपी के खिलाफ साजिश कर रही हैं और पार्टी को कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे ऐसी साजिशों से सतर्क रहें और पार्टी की विचारधारा व नीतियों को मजबूती के साथ जनता तक पहुंचाएं। वहीं मौजूदा संसद के बजट सत्र में पक्ष-विपक्ष के बीच चल रहे गतिरोध को सियासी पार्टियों का खेला बताया। मायावती ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकारें जनहित के बजाय धर्म और जाति की राजनीति को बढ़ावा दे रही हैं, जिससे समाज में विभाजन और नफरत का माहौल बन रहा है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे गरीबों, ओबीसी, एससी-एसटी, अल्पसंख्यकों, किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं और जनता के बीच जाकर उनकी आवाज बनें। मायावती ने कहा कि बीएसपी हमेशा सामाजिक न्याय और सर्वजन हिताय की राजनीति करती आई है और आगामी चुनावों में भी पार्टी जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर भी चर्चा की गई। उन्होंने भरोसा जताया कि मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ताओं के दम पर पार्टी आने वाले चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी। इस बैठक में जिला, मंडल और विधानसभा स्तर के अध्यक्षों समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।

Image 1 Image 2

Check Also

शाहीन परवीन ने गाजीपुर का नाम किया रोशन, राज्‍यपाल ने दिया गोल्‍ड मेडल

गाजीपुर। भाजपा के सदर पश्चिमी मंडल मीडिया प्रभारी परवेज खान की भतीजी शाहीन परवीन (खुशी) …