लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी), गोरखपुर के प्रबंध अध्ययन विभाग के अंतर्गत छात्रों की ईशान मैनेजमेंट सोसाइटी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रबंध महोत्सव ‘टाइकून्स 2026’ का आज भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। मुख्य अतिथि के रूप में प्रबंध अध्ययन विभाग के पूर्व छात्र श्री शिवम गुप्ता, पी सी एस, डिप्टी कलेक्टर (भूमि सुधार), बेतिया मौजूद रहे जबकि उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता कार्यवाहक कुलपति प्रो वी के गिरी ने की। अपने प्रेरणादायक संबोधन में मुख्य अतिथि श्री शिवम गुप्ता ने लक्ष्य प्राप्ति के लिए छात्रों के भीतर समर्पण, टीमवर्क, नेतृत्व कौशल तथा निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने अपने व्यक्तिगत जीवन संघर्षों की चर्चा करते हुए कहा कि मुझे अनेक असफलताओं के बाद प्रशासनिक सेवा में सफलता मिली। जब जब जीवन में रास्ते बंद हुए तब तब एम एम एम यू टी से भविष्य की राह मिली। उन्होंने कहा कि मुझे विश्ववास है कि इस कार्यक्रम के आयोजन और इसमें सहभागिता कर विद्यार्थी बहुत कुछ ऐसा सीखेंगे जो उन्हें किताबों या कक्षाओं में सीखने का अवसर नहीं मिलता। कार्यवाहक कुलपति प्रो. वी. के. गिरी ने आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे महोत्सव छात्रों के समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं तथा उन्हें व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल प्रदान करते हैं। विभागाध्यक्ष प्रो. एल. बी. प्रसाद ने स्वागत भाषण में ‘टाइकून्स’ की अवधारणा और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह महोत्सव छात्रों को प्रबंधन के व्यावहारिक आयामों को समझने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा व्यावसायिक चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करने का एक अनूठा मंच है। कार्यक्रम के इवेंट समन्वयक डॉ. भारती शुक्ला ने महोत्सव की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं की जानकारी दी। ईशान मैनेजमेंट सोसाइटी के समन्वयक डॉ. उग्रसेन ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन टीम का धन्यवाद ज्ञापन किया। सोसाइटी के चेयरपर्सन सुंदरम शुक्ला ने आगामी दो दिनों के कार्यक्रमों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। पहले दिन का प्रमुख आकर्षण एलुमनाई इंटरैक्शन सत्र रहा, जिसमें पूर्व छात्रों ने अपने कॉरपोरेट अनुभव साझा किए तथा करियर निर्माण, नेटवर्किंग और उद्योग जगत की चुनौतियों पर प्रकाश डाला। विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रारंभिक चरणों ने उत्साह को और बढ़ाया। ‘थिंक, पिच एंड लॉन्च’ में प्रतिभागियों ने अपने नवाचारी व्यावसायिक विचार प्रस्तुत किए, जबकि ‘इन्फिनिटी हीस्ट’ में टीमों ने रणनीतिक सोच और समस्या समाधान की क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। केस स्टडी आधारित गतिविधियों ने छात्रों की विश्लेषणात्मक क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता को परखा। कार्यक्रम का संचालन छात्र एंकर तान्या एवं प्रशांत ने प्रभावशाली ढंग से किया। अंत में अतिथियों का सम्मान किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से डॉ प्रशांत त्रिपाठी, डॉ अभिजित मिश्र, डॉ बृजेन्द्र कुमार पुष्कर, डॉ जावेद आलम, डॉ सोनिया भट्ट, डॉ पूनम ओझा, डॉ अंजली सिंह, डॉ मनीषा सिंह, डॉ कल्पना सिंह, डॉ इंदल कुमार, डॉ विवस्वान सिंह एवं श्री सचिन श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….