Breaking News

बलिया: नक्‍की यादव हत्‍याकांड का आरोपी मनोज यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार  

बलिया। हल्दी थाना पुलिस ने 15 वर्षीय किशोर रौनक उर्फ नक्की यादव की हत्या के आरोपित मनोज यादव पुत्र शिवधारी यादव निवासी ग्राम बबुआपुर कठही, थाना हल्दी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए हैं। एएसपी (दक्षिणी) कृपाशंकर ने बताया कि 10 मार्च की रात लगभग एक बजे हल्दी थाना पुलिस रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मुडाडीह-सोनवानी रोड पर हनुमान मंदिर से 300 मीटर पश्चिम पुलिस ने घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में बदमाश मनोज यादव के बाएं पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि घायल बदमाश मनोज यादव 9 मार्च 2026 की रात रौनक यादव उर्फ नकी यादव (पुत्र नंदजी यादव, निवासी बबुआपुर कठही, थाना हल्दी, जनपद बलिया) की हत्या करके फरार हो गया था। घायल बदमाश मनोज यादव को इलाज के लिए सीएचसी सोनवानी पहुंचाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। आरोपित के पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिन्दा कारतूस, एक खोखा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ है। हल्दी क्षेत्र के ग्राम पंचायत बबुआपुर में एक निजी नलकूप के पास चौकी पर 15 वर्षीय रौनक उर्फ नक्की उर्फ रितेश की ईंट से कूचकर हत्या कर दी। गांव से लगभग 100 मीटर दूर बगीचे में लहुलूहाल हालत में शव पड़ा मिला। हत्यारों ने किशोर के सिर पर कई वार किए उसके बाद पहचान न हो इसलिए चेहरा भी कूचकर बिगाड़ दिया। मृतक की मां सोनी देवी ने गांव के ही दो परिवारों पर हत्या का शक जताया है। हालांकि रितेश के पिता नंदजी यादव ने पड़ोस के मनोज यादव के खिलाफ तहरीर दी। बताया कि पुरानी रंजीश में इसी ने हत्या की है। ऐसे में पुलिस ने मंगलवार शाम को मुकदमा दर्ज कर लिया। हल्दी थाना क्षेत्र के बबुआपुर गांव के रहने वाले रितेश की मां सोनी देवी ने बताया कि वह रविवार देर शाम घर से यह कहकर निकला था कि पास के गांव में बारात जा रहा है। रात भर जब वह घर नहीं लौटा तो स्वजन ने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। परिवार को उम्मीद थी कि वह दोस्तों के साथ कहीं रुक गया होगा, लेकिन मंगलवार सुबह गांव के बाहर बगीचे में उसका शव मिलने की खबर ने सबको झकझोंर दिया। सूचना पर घटनास्थल पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि किशोर का शव बगीचे में रखी एक चौकी पर पड़ा था। उसका सिर और चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था। आसपास खून के निशान मिले, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है जान बचाने के लिए उसने काफी देर तक संघर्ष किया था। घटना जिला मुख्यालय से 22 किलोमीटर दूर की है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक की मां सोनिया देवी ने दो परिवारों पर हत्या का संदेह जताया है। हालांकि उन्होंने खुलकर नाम नहीं बताए। परिवार का आरोप है कि उनके बेटे की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोपितों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। गांव में चर्चा है कि किशोर का किसी से विवाद था या नहीं, इस पहलू की भी जांच की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए कृपा शंकर (पुलिस अधीक्षक दक्षिणी) और मोहम्मद उस्मान कुरैशी (सीओ बैरिया) मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। एसपी दक्षिणी ने बताया कि परिजनों से बातचीत की जा रही है और सभी संभावित एंगल पर जांच की जा रही है। घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है। फिलहाल पुलिस काल डिटेल, दोस्ती-रंजिश और अन्य संभावित कारणों की जांच में जुटी है। गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है, जो इस सनसनीखेज हत्याकांड की परतें खोलेगी।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: युवती ने की आत्‍महत्‍या

गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के तड़बनवा मोहल्‍ले में अज्ञात कारणो से युवती ने आत्‍महत्‍या कर …