आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में कार चलाना सीखते समय हुई सड़क दुर्घटना में कक्षा नौ के छात्र की मौत से ग्रामीणों में रोष फैल गया। शनिवार सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने मुबारकपुर-सठियांव मुख्य मार्ग पर सेंट्रल बैंक के सामने छात्र का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपित महिला चालक की गिरफ्तारी तथा अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। करीब आधे घंटे तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। बताते चलें कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर अंडरपास के पास सर्विस रोड पर शुक्रवार को कार चलाना सीख रही एक महिला की कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार शिवकुटी नूरपुर बुतात गांव निवासी शिवा पटवा (कक्षा नौ) अपने साथी के साथ गन्ने का जूस लेकर घर लौट रहा था। टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को उपचार के लिए पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां परिजनों का आरोप है कि पैसे के अभाव में डॉक्टरों ने समय पर इलाज नहीं किया। इलाज में देरी के कारण छात्र की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार सुबह मुबारकपुर-सठियांव मार्ग पर सेंट्रल बैंक के सामने शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि कार चलाना सीख रही महिला को गिरफ्तार किया जाए और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ समय से उपचार न करने के मामले में कानूनी कार्रवाई की जाए। जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। थाना प्रभारी निरीक्षक शशि मौली पांडेय ने बताया कि प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर जाम समाप्त करा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….