लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट हॉल में दिनांक 17 मार्च 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ एवं नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एन.सी.बी.), गोरखपुर जोनल यूनिट के संयुक्त तत्वावधान में ‘मादक द्रव्यों के सेवन एवं अवैध तस्करी’ विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति प्रो. वी.के. गिरि, मुख्य अतिथि वैभव श्रीवास्तव, सहायक निदेशक, एन.सी.बी., विशिष्ट अतिथि राहुल कुमार पुरबे, अधीक्षक, एन.सी.बी., प्रो. बी.के. पाण्डेय, अधिष्ठाता, ई.एफ.ओ.ए.आर., डॉ. ए.के. पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं डॉ. धीरेंद्र सिंह, एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी के स्वागत के साथ किया गया। कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्रो. बी.के. पाण्डेय ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी अतिथियों का अभिवादन किया। इसके पश्चात, मुख्य अतिथि वैभव श्रीवास्तव ने अपने जागरूकता व्याख्यान में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध एन.सी.बी. के अभियानों और विधिक प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यवाहक कुलपति प्रो. वी.के. गिरि ने अपने आशीर्वाद वचनों द्वारा विद्यार्थियों को अनुशासन और चारित्रिक दृढ़ता के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने हेतु प्रेरित किया। डॉ. ए.के. पाण्डेय ने नशीले पदार्थों के गंभीर शारीरिक प्रभावों से अवगत कराया। इस संपूर्ण आयोजन के सफल क्रियान्वयन में राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ की भूमिका अत्यंत अनुकरणीय रही। राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के छात्रों ने न केवल कार्यक्रम के कुशल प्रबंधन और संचालन का उत्तरदायित्व संभाला, बल्कि समाज के सजग प्रहरी के रूप में इस जागरूकता संदेश को जन-जन तक प्रसारित करने का संकल्प भी दोहराया। सत्र के अंतिम चरण में प्रो. बी.के. पाण्डेय द्वारा समस्त अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं को मादक द्रव्यों के सेवन के विरुद्ध सामूहिक संकल्प एवं शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धीरेंद्र सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रगान के साथ इस सार्थक आयोजन का विधिवत समापन हुआ।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….