गाजीपुर। कृषि विज्ञान केंद्र, पीजी कॉलेज गाजीपुर में नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (भारत सरकार का उपक्रम) के सहयोग से एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 70 कृषकों ने भागीदारी की तथा आधुनिक कृषि तकनीकों एवं उर्वरक प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार सिंह ने किसानों को संतुलित उर्वरक प्रबंधन, जैविक खेती तथा मृदा स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संतुलित पोषण प्रबंधन अपनाकर किसान उत्पादन लागत घटाने के साथ-साथ फसल की गुणवत्ता में भी सुधार कर सकते हैं।नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड के क्षेत्रीय प्रबंधक राजकुमार ने ‘यूरिया गोल्ड’ के उपयोग, ड्रोन तकनीक द्वारा उर्वरक एवं कीटनाशकों के छिड़काव तथा इसके लाभों पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने फसलों में सल्फर की उपयोगिता और संतुलित उर्वरक प्रयोग की आवश्यकता पर भी किसानों को जागरूक किया।इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री प्रोत्साहन योजना (PM-PRANAM) की जानकारी देते हुए बताया कि योजना का उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग को कम कर वैकल्पिक एवं टिकाऊ उर्वरकों को बढ़ावा देना है। इसके तहत राज्यों को उर्वरक सब्सिडी में बचत करने और सतत कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। योजना के माध्यम से जैविक खेती, नैनो उर्वरकों तथा अन्य आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों की लागत में कमी, मृदा स्वास्थ्य में सुधार तथा पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित हो सके।वैज्ञानिक डॉ. ओमकार सिंह ने वर्तमान फसलों में कीट एवं रोग प्रबंधन के प्रभावी उपाय बताए, जबकि वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने जैव उर्वरकों के उपयोग एवं उनके लाभों पर विस्तार से जानकारी दी। गृह वैज्ञानिक डॉ. रागिनी दुबे ने पोषण, संतुलित आहार एवं परिवार स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम का संचालन नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड के मार्केटिंग अधिकारी संजय कुमार अग्रहरि ने किया। कार्यक्रम में आशीष कुमार बाजपेयी, आशुतोष सिंह एवं सुनील कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। साथ ही एन.एफ.एल. के श्री विभव मौर्य, लेखाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।अंत में किसानों को प्रोत्साहन स्वरूप बेंटोनाइट सल्फर वितरित किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….