Breaking News

आजमगढ़: स्‍कूली बस की चपेट में आने से छात्र की मौत

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब आठ बजे स्कूल जा रहे कक्षा 9 के छात्र की स्कूली बस की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक बस लेकर भाग निकला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि छात्र का शव बस में करीब 50 मीटर तक घसीटता गया। वहीं साइकिल करीब 100 मीटर तक घसीटती गई लेकिन बस नहीं रुकी। इस घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना है। उधर, घटनास्थल पर पहुंची छात्र की मां अपने बेटे का शव गोद में लेकर बिलखती रही। यह देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। अतरौलिया थाना क्षेत्र पकड़डीहा निवासी मृतक छात्र आनंद राजभर बुधवार को साइकिल से घर से लगभग 5 किलोमीटर दूर स्थित पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज पढ़ने जा रहा था। जैसे ही वह गोरहरपुर गांव के पास स्कूल तिराहे के समीप पहुंचा, तभी तेज गति से आ रही स्कूली बस ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद छात्र साइकिल समेत बस में फंस गया, लेकिन चालक ने बस नहीं रोका। बताया जा रहा है कि शव करीब 50 मीटर तक बस में घसीटता रहा, जबकि साइकिल लगभग 100 मीटर तक फंसी रही। इसके बाद चालक बस को स्कूल परिसर में खड़ा कर भाग निकला। सूचना पर अतरौलिया थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्कूली बस एक निजी स्कूल की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस और विद्यालय का प्रबंधन एक ही व्यक्ति के पास है। थानाध्यक्ष देवेंद्रनाथ दुबे ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …