लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली और कई जिलों में दिन के समय अंधेरा छा गया। राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिली। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों और बुंदेलखंड के कई जिलों में मौसम का यह बदलाव देखने को मिला। सुबह से तेज धूप और उमस के बीच दोपहर बाद अचानक आसमान में काले बादल छा गए। कई स्थानों पर धूलभरी हवाएं चलीं और फिर हल्की बारिश शुरू हो गई। मौसम बदलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और सड़कों पर निकले लोगों ने राहत महसूस की। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के संकेत हैं। इसके असर से अगले दस दिनों तक प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने 58 जिलों में गरज-चमक, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है, जबकि 32 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। उधर, मंगलवार को बांदा 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश ही नहीं दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। ऐसे में बुधवार का बदला मौसम लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर आया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….