लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT), गोरखपुर के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग द्वारा विश्वविद्यालय एवं गोरखपुर जोन पुलिस के मध्य हस्ताक्षरित एमओयू के अंतर्गत “81 पुलिस आरक्षियों हेतु साइबर फॉरेंसिक जागरूकता कार्यक्रम” का सफलतापूर्वक आयोजन दिनांक 28 मई 2026 को किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा तथा मुथा अशोक जैन, अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन पुलिस, गोरखपुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ. विमल कुमार द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रशिक्षु पुलिस अधिकारियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर साइबर फॉरेंसिक रिसर्च सेंटर में उपलब्ध आधुनिक साइबर फॉरेंसिक उपकरणों एवं तकनीकों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही मोबाइल फॉरेंसिक, वीडियो फॉरेंसिक, डाटा रिकवरी, नेटवर्क फॉरेंसिक तथा डिजिटल साक्ष्य विश्लेषण (Digital Evidence Analysis) से संबंधित तकनीकों के उपयोग एवं महत्व पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में दिनेश गोदारा (एएसपी) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपेन्द्र सिंह, साइबर कमांडो, गोरखपुर जोन पुलिस उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि दिनेश गोदारा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से प्रभावी रूप से निपटने के लिए पुलिस अधिकारियों का तकनीकी रूप से दक्ष एवं प्रशिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने मोबाइल फॉरेंसिक, वीडियो फॉरेंसिक, पासवर्ड बायपासिंग हेतु Passware, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) विश्लेषण तथा डिक्रिप्शन तकनीकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम जांच क्षमता को सुदृढ़ करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण पहल हैं। विशिष्ट अतिथि श्री उपेन्द्र सिंह, साइबर कमांडो, गोरखपुर जोन पुलिस ने अपने संबोधन में कहा कि साइबर जांच के दौरान Faraday Bags, UltraKit, Write Blocker, Google Activity, GPS Activity, Facebook Law Enforcement Records, Cyber Safe Portal तथा उत्तर प्रदेश पुलिस पोर्टल जैसे आधुनिक साइबर फॉरेंसिक उपकरणों एवं सरकारी रूप से अनुमोदित टूल्स का उपयोग करना अत्यंत आवश्यक है। इससे जांच प्रक्रिया अधिक विश्वसनीय, सुरक्षित एवं विधिसम्मत बनी रहती है। कार्यक्रम के अंत में डॉ. बी. के. शर्मा द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….