लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अंतर्राष्ट्रीय छात्र-छात्राओं के आवेदनों में अभूतपूर्व और ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है। वैश्विक पटल पर विश्वविद्यालय की बढ़ती साख का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस बार कुल 77 देशों से 3421 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में एक बहुत बड़ी छलांग है। सत्र 2025-26 में विश्वविद्यालय को 2,083 अंतर्राष्ट्रीय आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसके मुकाबले इस वर्ष 1,338 अतिरिक्त आवेदनों के साथ 64% की भारी वृद्धि देखी गई है। यह उल्लेखनीय प्रगति किफायती, सुरक्षित और विश्वस्तरीय उच्च शिक्षा के केंद्र के रूप में लखनऊ विश्वविद्यालय की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा को पुरजोर तरीके से रेखांकित करती है।
अंतर्राष्ट्रीय आवेदनों के मुख्य बिंदु और सांख्यिकीय विवरण:
77 देशों तक विस्तारित हुई वैश्विक पहुंच: इस वर्ष dunia के 77 अलग-अलग देशों से छात्रों ने लखनऊ विश्वविद्यालय में पढ़ने की इच्छा जताई है। इनमें मुख्य रूप से बांग्लादेश, नेपाल, नाइजीरिया, सूडान और तंजानिया से सबसे अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। यह आंकड़ा दक्षिण एशिया, अफ्रीका और अन्य महाद्वीपों के साथ लखनऊ विश्वविद्यालय के मजबूत होते अकादमिक संबंधों को दर्शाता है। इसके अलावा जर्मनी से 1 और पोलैंड से भी 2 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
अनुसंधान और उच्च शिक्षा के प्रति रुझान (पाठ्यक्रमवार मांग):
स्नातक (UG) पाठ्यक्रम: विभिन्न स्नातक कार्यक्रमों के लिए सबसे अधिक 2552 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रम: उच्च शिक्षा के लिए स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में 595 आवेदन आए हैं।
पीएचडी (PhD) कार्यक्रम: शोध और अनुसंधान के प्रति बढ़ते आकर्षण के चलते विभिन्न विषयों में 274 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो विश्वविद्यालय की अनुसंधान क्षेत्र में बढ़ती वैश्विक ख्याति का स्पष्ट संकेत है। वार्षिक प्रगति का तुलनात्मक ग्राफ: मात्र एक वर्ष के भीतर आवेदनों की संख्या 2,083 से बढ़कर 3,421 होना यह साबित करता है कि विश्वविद्यालय द्वारा उठाए गए प्रशासनिक और शैक्षणिक कदम वैश्विक स्तर पर सफल सिद्ध हो रहे हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर जय प्रकाश सैनी ने कहा कि “अंतर्राष्ट्रीय आवेदनों में आया यह अभूतपूर्व उछाल लखनऊ विश्वविद्यालय की अकादमिक उत्कृष्टता, विविध रोजगारपरक पाठ्यक्रमों और छात्र-अनुकूल वातावरण का जीवंत प्रमाण है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप तैयार किए गए हमारे बहुविषयक पाठ्यक्रमों, वैश्विक अनुसंधान अवसरों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर हमारे विशेष ध्यान को अब विश्व स्तर पर सराहा जा रहा है। लखनऊ विश्वविद्यालय परिवार बाहर से आने वाले अपने सभी अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के लिए एक पूरी तरह से सुरक्षित, समावेशी, हाइजीनिक और बौद्धिक रूप से जीवंत वातावरण प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
प्रवेश प्रक्रिया को सुचारू बनाने में जुटा अंतर्राष्ट्रीय प्रकोष्ठ:
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि लखनऊ विश्वविद्यालय का अंतर्राष्ट्रीय प्रकोष्ठ (International Cell) वर्तमान में प्राप्त हुए सभी आवेदनों की गहन समीक्षा और अग्रिम प्रवेश प्रक्रिया को पूरा करने में तत्परता से लगा हुआ है। विदेशी छात्रों की सुविधा और प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह सुचारू, पारदर्शी व निर्बाध रूप से संचालित करने के लिए दस्तावेज़ सत्यापन (Document Verification), पात्रता जांच (Eligibility Check) और वीज़ा संबंधी आवश्यक सहायता को एक निश्चित समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि छात्रों को सत्र की शुरुआत में कोई असुविधा न हो।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….