Breaking News

यूपी को मिली बड़ी सौगात: लखनऊ विश्वविद्यालय में राज्य के पहले ‘सेंटर फॉर ग्रीन Skills एंड एप्लाइड एआई’ का हुआ भव्य शुभारंभ

लखनऊ। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) के तेजी से बदलते परिदृश्य और हरित अर्थव्यवस्था (Green Economy) की वैश्विक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आज लखनऊ विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में एक नई पहल हुई | 1M1B फाउंडेशन (वन मिलियन फॉर वन बिलियन) ने माइक्रोसॉफ्ट, इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) स्टार्टअप हब तथा उत्तर प्रदेश सरकार के साथ रणनीतिक साझेदारी के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के पहले ‘सेंटर फॉर ग्रीन स्किल्स एंड एप्लाइड एआई’ (Centre for Green Skills & Applied AI) का भव्य उद्घाटन किया। इस अत्याधुनिक केंद्र का औपचारिक उद्घाटन लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर जय प्रकाश सैनी ने किया। विश्वविद्यालय के वरिष्ठ नेतृत्व और शिक्षकों की गरिमामयी मौजूदगी 1M1B फाउंडेशन के संस्थापक व सीईओ मानव सुबोध तथा माइक्रोसॉफ्ट (CSR) की प्रोग्राम मैनेजर अनीशा अवाचन भी इस ऐतिहासिक और गौरवशाली अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डीन साइंस प्रो. शीला मिश्रा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण (DSW) प्रो. अमिता कनौजिया तथा कंप्यूटर साइंस विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. पुनीत मिश्रा ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस केंद्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को एप्लाइड एआई और पर्यावरण-अनुकूल कौशल (Green Skills) से समृद्ध करना है। इसके माध्यम से छात्र जलवायु परिवर्तन और सतत विकास (Sustainability) की चुनौतियों के लिए व्यावहारिक एवं तकनीकी समाधान विकसित कर सकेंगे। साथ ही, यह केंद्र विद्यार्थियों को उभरती हुई हरित अर्थव्यवस्था में भविष्य के शानदार करियर के लिए पूरी तरह तैयार करेगा। लखनऊ में स्थापित यह केंद्र 1M1B फाउंडेशन और माइक्रोसॉफ्ट द्वारा MeitY स्टार्टअप हब के सहयोग से देश भर में बनाए जा रहे पांच विशिष्ट केंद्रों की श्रृंखला में तीसरा है। बेंगलुरु और हैदराबाद के बाद अब लखनऊ में इसकी शुरुआत की गई है, जबकि आगामी चरणों में नोएडा और शिलांग में भी ऐसे केंद्र स्थापित किए जाएंगे। सामूहिक रूप से, इन पांच केंद्रों का लक्ष्य साल 2030 तक भारत के 1,00,000 युवाओं को इस अभियान से जोड़ना है, जिससे 50,000 से अधिक प्रत्यक्ष नौकरियां, इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप और उद्यमिता के नए रास्ते खुलेंगे। इस पहल के प्रथम वर्ष में ही देश भर के 20,000 शिक्षार्थियों को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिनमें से 10,000 को करियर के अवसरों से जोड़ा जाएगा। लखनऊ केंद्र अपने पहले वर्ष में 5,000 से अधिक स्थानीय युवाओं को इस उन्नत तकनीक से जोड़ेगा। कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी ने कहा कि “1M1B और माइक्रोसॉफ्ट के सहयोग से हमारे मुख्य परिसर में उत्तर प्रदेश के पहले ‘सेंटर फॉर ग्रीन स्किल्स एंड एप्लाइड एआई’ की स्थापना लखनऊ विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता का जीवंत प्रमाण है। यह केंद्र हमारे छात्र-छात्राओं को पारंपरिक शिक्षा से आगे ले जाकर एआई और सस्टेनेबिलिटी जैसे भविष्य के विषयों में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) की भावना के अनुरूप, यह अभिनव पहल न केवल हमारे युवाओं की वैश्विक रोजगार क्षमता (Employability) को बढ़ाएगी, बल्कि उन्हें समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक व तकनीकी इनोवेटर के रूप में तैयार करेगी।” माइक्रोसॉफ्ट (Elevate CSR) की सीनियर डायरेक्टर मंजू डसमाना और 1M1B के संस्थापक मानव सुबोध ने स्पष्ट किया कि यह केंद्र किसी सामान्य प्रशिक्षण कार्यक्रम जैसा नहीं है, बल्कि इसे एक वर्कफोर्स डेवलपमेंट हब के रूप में डिजाइन किया गया है। यहाँ छात्र सीधे तौर पर सौर ऊर्जा (Solar), इलेक्ट्रिक वाहन (EV), पवन ऊर्जा (Wind Energy) और एप्लाइड एआई लर्निंग ज़ोन में व्यावहारिक प्रशिक्षण पाकर जलवायु और कृषि चुनौतियों को सुलझाएंगे।

Image 1 Image 2

Check Also

बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश कुमार सिंह की पत्नी रेखा सिंह ने पति के पैतृक गांव के स्कूल में किया पौधरोपण, बच्चों को बांटी पाठ्य सामग्री

गाजीपुर। बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह की पत्नी रेखा सिंह ने …