Breaking News

बारिश से नंदगंज बाजार की सड़क पर लगा पानी, जलनिकासी व्यवस्था नहीं होने से बढ़ी परेशानी

ग़ाज़ीपुर। पिछले दो-तीन दिनों से हो रही हल्की बारिश ने नंदगंज मुख्य बाजार की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। बारिश के बाद बाजार की कई सड़कें जलमग्न और कीचड़युक्त हो गई हैं, जिससे व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई दुकानदारों एवं गृहस्वामियों ने अपनी दुकानों और मकानों के सामने मिट्टी डालकर जमीन को ऊंचा कर लिया है। इसके कारण बरसात का पानी सड़क किनारे जमा हो जाता है और निकासी का कोई रास्ता नहीं मिल पाता। नतीजतन मुख्य बाजार की कई जगहों पर जलभराव और कीचड़ की समस्या उत्पन्न हो गई है। बाजारवासियों का कहना है कि नंदगंज मुख्य बाजार में जलनिकासी के लिए समुचित नाली व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति बन जाती है। सड़क पर भरे पानी और कीचड़ से पैदल चलने वाले लोगों, दोपहिया वाहन चालकों तथा ग्राहकों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नंदगंज बाजार में शीघ्र जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए तथा पक्की नालियों का निर्माण कराया जाए, ताकि बरसात के पानी का सुचारु रूप से निकास हो सके और लोगों को जलभराव व कीचड़ की समस्या से राहत मिल सके।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: लाखों रुपये के अवैध गांजा के साथ दो तस्‍कर गिरफ्तार

गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में उ0नि0 कमलेश …