वाराणसी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने जन्मदिन के अवसर पर रविवार को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। उन्होंने गर्भगृह में पूजा-अर्चना कर देश, दिल्ली और सभी नागरिकों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। दर्शन के दौरान मंदिर प्रशासन ने उनका स्वागत किया और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में रेखा गुप्ता ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की असीम कृपा समस्त देशवासियों और दिल्लीवासियों पर बनी रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना है कि उनके आशीर्वाद और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश तथा दिल्ली निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ते रहें। मुख्यमंत्री ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान मिले स्नेह और आत्मीय स्वागत के लिए काशीवासियों का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि काशी केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। यहां की सकारात्मक ऊर्जा और लोगों का अपनापन हमेशा उनकी स्मृतियों में रहेगा। बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के बाद रेखा गुप्ता वाराणसी के प्रसिद्ध लक्ष्मी चाय भंडार पहुंचीं। वहां उन्होंने बनारस की मशहूर स्पेशल चाय का स्वाद लिया और दुकान संचालक लक्ष्मी से मुलाकात कर उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही चाय की दुकान पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय लोगों और समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया तथा कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….