गाजीपुर। नई प्राथमिक शिक्षक भर्ती में पद वृद्धि की मांग को लेकर 25 जुलाई 2026 को प्रयागराज के पत्थर गिरजाघर पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से पूर्व डीएलएड संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं छात्र नेता विशु यादव को पुलिस प्रशासन द्वारा हिरासत में ले लिया गया। संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष विशु यादव ने बताया लगभग 8 वर्ष से बेसिक शिक्षा विभाग में कोई नई प्राथमिक शिक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं किया गया है, जिससे डीएलएड, बीटीसी, टीईटी एवं सीटीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थी बेरोजगार बनकर दर दर रोजी रोटी के तलाश मे भटक रहे है। इसी मुद्दे को लेकर 25 जुलाई को प्रयागराज के पत्थर गिरजाघर पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित था जिसके चलते पुलिस द्वारा हिरासत मे लिया गया हॆ ताकि कार्यक्रम विफल किया जा सके। श्री यादव ने बताया शिक्षा सेवा चयन आयोग को केवल 11,508 पदों का अधियाचन मिलने की चर्चाओं से भी अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ी है। लगभग 8 वर्षों के बाद नई प्राथमिक शिक्षक भर्ती आने जा रही है, तो सरकार को केवल 11,508 पदों तक सीमित न रखकर 11,508 नगरीय पदों तथा 68,500 शिक्षक भर्ती के शेष 27,713 पदों को जोड़ते हुए व्यापक स्तर पर भर्ती का विज्ञापन जारी करना चाहिए, ताकि वर्षों से भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे लाखों प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को अवसर मिल सके। संगठन के माध्यम से युवा वर्ग अपनी मांगों को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं, लेकिन आंदोलन से दो दिन पूर्व ही पुलिस प्रशासन द्वारा मुझे हिरासत में लिया जाना युवाओं की आवाज को दबाने जैसा है। नई प्राथमिक शिक्षक भर्ती की मांग किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि वर्षों से भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे लाखों प्रशिक्षित युवाओं की मांग है। नयी प्राथमिक शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या में वृद्धि नहीं की गई तो आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….