वाराणसी। कृष्ण सुदामा संस्थान के अंतर्गत डॉ. विजय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर भंदहा कला में शुक्रवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुआ। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार यादव मुख्य अतिथि और डॉ. वंदना यादव विशिष्ट अतिथि रहीं। अध्यक्षता बीएएमएस के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) प्रकाश राज सिंह ने की। इस दौरान संस्थान के चिकित्सक, शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को याद किया। कार्यक्रम में राष्ट्र निर्माण और नशामुक्ति की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। मुख्य अतिथि डॉ. विजय कुमार यादव ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से मिली आजादी की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। युवाओं को अनुशासन, ईमानदारी, शिक्षा और राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) प्रकाश राज सिंह ने कहा कि देश की प्रगति में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना को आत्मसात करना चाहिए। समारोह के अंत में संस्थान परिसर में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। शिक्षकों, चिकित्सकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के संयोजक अनुज यादव एवं पंकज यादव, चिकित्सालय व्यवस्थापक अशोक कुमार यादव और वरिष्ठ कार्यालय प्रभारी श्रीकांत यादव समेत संस्थान के विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….