शिवकुमार
गाजीपुर। सैदपुर विधानसभा एक ऐतिहासिक व पौराणिक जिले की विधानसभा है। 1952 से लेकर 2012 तक यह विधानसभा सामान्य विधानसभा भी जिसका क्षेत्रफल सैदपुर ब्लाक और वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्रों में था। 60 साल बाद जिले में हुए परिसीमन के बाद दो विधानसभा सादात और दिलदारनगर का अस्तित्व समाप्त हो गया, एक नई विधानसभा जंगीपुर का सृजन हुआ। 2012 में परिसीमन के बाद सैदपुर विधानसभा का क्षेत्रफल वाराणसी से समाप्त कर जिले में सादात के तरफ बढ़ा दिया गया और सैदपुर विधानसभा व जखनियां विधानसभा को सुरक्षित घोषित कर दिया गया। सैदपुर सामान्य विधानसभा में 1952 में कमला सिंह, 1957 में आत्मा राम पांडेय, 1962 में प्रजा सोशलिस्ट पार्टी से कमला सिंह, 1967 में कांग्रेस पार्टी से आत्मा राम पांडेय, 1969 में बीकेडी से राम करन, 1974 में कांग्रेस से प्रभुनारायन, 1977 में जनता पार्टी से उदय नारायण, 1980 में जनता पार्टी सेक्युलर से राम करन, 1985 में लोकदल से रणजीत, 1991 में बीजेपी से महेंद्र नाथ पांडेय, 1993 में बीएसपी से लालजी, 1996 में महेंद्र नाथ पांडेय बीजेपी, 2002 में बसपा से कैलाश नाथ यादव, 2004 के उप चुनाव में सपा से राजनाथ यादव और 2007 में सैदपुर सामान्य सीट पर अंतिम विधायक के रुप में दीनानाथ पांडेय बसपा से निर्वाचित हुए। 2012 में परिसीमन के बाद सैदपुर विधानसभा को सुरक्षित घोषित किया गया। जिसके पहले चुनाव में समाजवादी पार्टी से सुभाष पासी सुरक्षित सैदपुर विधानसभा से पहले विधायक चुने गये। 2017 में भी सुभाष पासी भारी बहुमत से जीत गये लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में सुभाष पासी ने साइकिल की सवारी छोड़ कमल का साथ पकड़ लिया। इस चुनाव में सुभाष पासी को करारी हार मिली। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अंकित भारती ने सुभाष पासी को लगभग 35 हजार मतों से पराजित कर दिया। सैदपुर विधानसभा में लगभग चार लाख मतदाता हैं। जिसमे सबसे ज्यादा दलित, यादव, राजभर, मुस्लिम, कुशवाहा, क्षत्रिय, वैश्य और ब्राह्मण समाज के मतदाता आते हैं। सुरक्षित सीट पर लगातार समाजवादी पार्टी ने परचम लहराया है। अभी भाजपा और बसपा के लिए खाता खोलने का इंतेजार है। सैदपुर विधानसभा में सवर्ण और दलित मतदाता भी चुनाव परिणाम को फेरबदल करने में सक्षम रखते हैं लेकिन सपा के सोशल इंजीनियरिंग ने अभी तक साइकिल को दौड़ाया है। अब देखना है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में ऊंट किस करवट बैठता है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….