गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नियमित मासिक आकाशवाणी कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण को रविवार को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिले के विभिन्न बूथों पर सामूहिक रूप से सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 138 वें संस्करण में 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक की 10वीं वर्षगांठ का उल्लेख करते हुए आतंकवाद के विरुद्ध भारत की निर्णायक नीति पर चर्चा की और आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति का स्पष्ट संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंहल जी की जन्मशती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और राष्ट्र, समाज एवं संस्कृति के प्रति उनके समर्पित जीवन का स्मरण किया। इसके साथ ही उन्होंने स्वच्छता, नशामुक्त युवा अभियान, खेल प्रतिभाओं की खोज, पोषण माह तथा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के आंवले को स्थानीय अर्थव्यवस्था और नए अवसरों से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को भी रेखांकित किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल प्रधानमंत्री का संबोधन नहीं बल्कि इससे बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं में सामाजिक सहभागिता, सेवा, स्वच्छता, नशामुक्ति, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के प्रति नई ऊर्जा का संचार होता है। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने गाजीपुर सदर विधानसभा के बूथ संख्या 171, महाराजगंज में जिला कोषाध्यक्ष अच्छेलाल गुप्ता के आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कार्यक्रम देशवासियों के सकारात्मक प्रयासों, उपलब्धियों और सामाजिक सहभागिता को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है। प्रधानमंत्री का प्रत्येक संवाद कार्यकर्ताओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन की प्रेरणा देता है। प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने जंगीपुर विधानसभा के बूथ संख्या 49, बद्धूपुर स्थित पंचायत हाल में जिला महामंत्री अवधेश राजभर एवं बूथ अध्यक्ष गोपाल राजभर सहित कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देश की विविधता में एकता, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की सामूहिक भावना को मजबूत करने वाला संवाद है। पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने सदर विधानसभा के बूथ संख्या 239, बड़ीबाग में पूर्व सभासद अजय राय ‘दारा’ के आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संदेशों में देश के सामान्य नागरिक के प्रयासों और उपलब्धियों को विशेष स्थान मिलता है, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग को सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरणा मिलती है। पूर्व जिला उपाध्यक्ष अखिलेश सिंह एवं जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा ने सदर विधानसभा के सरैया, छावनी लाइन बूथ पर अजीत सिंह के आवास पर बूथ समिति के सदस्यों के साथ ‘मन की बात’ सुनी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….