लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में अध्ययनरत विदेशी छात्र छात्रों ने प्रकाशपर्व दीवाली का बड़े उत्साह के साथ ‘दीपोत्सव 2026’ के नाम सेआगाज़ किया। कुलपति प्रो जय प्रकाश सैनी ने वैश्विक सद्भाव की भावना के साथ कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस कार्यक्रम का आयोजन संयुक्त रूप से ‘आचार्य नरेंद्र देव इंटरनेशनल बॉयज़ हॉस्टल’ और ‘बीरबल साहनी गर्ल्स हॉस्टल’ द्वारा किया गया था। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने विधि-विधान से लक्ष्मी-गणेश पूजन किया और दीपावली के पावन अवसर पर अंतरराष्ट्रीय छात्रों तथा विश्वविद्यालय समुदाय के सभी सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कुलपति ने कहा कि दीपावली जैसे त्योहार विभिन्न संस्कृतियों के बीच एक सेतु का काम करते हैं। ये आपसी समझ, मित्रता और वैश्विक सद्भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने भारतीय परंपराओं को अपनाने और विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक जीवन में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए अंतरराष्ट्रीय छात्रों के उत्साह की सराहना की। इस आयोजन में लगभग 50 देशों के करीब 400 अंतरराष्ट्रीय छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया । कार्यक्रम में प्रमुख रूप से छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अमिता कनौजिया; अंतरराष्ट्रीय सहयोग निदेशक और अंतरराष्ट्रीय छात्र सलाहकार प्रो. आर. पी. सिंह; चीफ प्रोवोस्ट प्रो. आशीष अवस्थी; बीरबल साहनी गर्ल्स हॉस्टल की प्रोवोस्ट प्रो. मनीषा शुक्ला; प्रॉक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी; और वर्क्स सुपरिंटेंडेंट प्रो. विनीत कुमार वर्मा शामिल विश्वविद्यालय के सभी हॉस्टलों के प्रोवोस्ट, अन्य अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे और छात्रों के साथ मिलकर उत्सव मनाया। इस अवसर पर बोलते हुए, प्रो. जे. पी. सैनी ने अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए एक समावेशी माहौल प्रदान करने की विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ‘दीपोत्सव’ जैसे आयोजन विभिन्न देशों के छात्रों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जानने और मित्रता तथा अंतर-सांस्कृतिक समझ को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में पारंपरिक उत्सव, सांस्कृतिक संवाद और सामूहिक सांस्कृतिक प्रोग्राम हुए।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….