वाराणसी। सोमवार को अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के फार्मेसी विभाग में बी.फार्मा एवं डी.फार्मा पाठ्यक्रम के नवागत विद्यार्थियों के लिए एक भव्य ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के चेयरमैन ई. अंकित मौर्या ने विद्यार्थियों का स्वागत किया और कहा कि “आज से आपके जीवन की नई यात्रा की शुरुआत हो रही है। फार्मेसी क्षेत्र का चयन आपके लिए अनेक नए अवसरों के द्वार खोलेगा। सफलता का मूल मंत्र है—कड़ी मेहनत और पूर्ण समर्पण।” डायरेक्टर फार्मेसी डॉ. बृजेश सिंह ने बी.फार्मा एवं डी.फार्मा दोनों पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि फार्मा क्षेत्र मानव जीवन से सीधे जुड़ा हुआ है, इसलिए इसमें कार्यरत लोगों में जागरूकता और संवेदनशीलता दोनों का होना अत्यंत आवश्यक है। डायरेक्टर अशोका डॉ. सारिका श्रीवास्तव ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि “जीवन का यह दौर परिवर्तन का है, और अशोका इंस्टीट्यूट आपके व्यक्तित्व में वे सभी गुण विकसित करने के लिए संकल्पित है जो आपके व्यावसायिक जीवन में सफलता के लिए जरूरी हैं।” डीन (एकेडमिक) प्रो. एस.के. शर्मा ने विद्यार्थियों से कहा कि ज्ञान प्राप्त करने के लिए विनम्रता और कर्मशीलता अत्यंत आवश्यक है। वहीं डीन (सी.एस.ई.) डॉ. एल.एस. मौर्या ने बताया कि भारत आज दवा निर्माण के क्षेत्र में विश्व स्तर पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है, जिससे रोजगार के अनेक नए अवसर सृजित हो रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन मनीषा दुबे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मौलश्री भंडारी ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर ट्रेनिंग एण्ड प्लेसमेंट हेड ओ.पी. शर्मा डॉ. अभिषेक गुप्ता, पंकज मौर्य, प्रीत कौर, अवनीश श्रीवास्तव सहित विभाग के अन्य शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….