लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर में वार्षिक टेक्नो‑मैनेजमेंट महोत्सव “टेक सृजन 2026” का भव्य उद्घाटन सत्र का आयोजन बहुउद्देशीय भवन में हुआ। यह महोत्सव 12-14 दिसंबर, 2025 के मध्य आयोजित हो रहा हैं। यह उत्सव विश्वविद्यालय के छात्र क्रियाकलाप परिषद के अंतर्गत तकनीकी उप परिषद द्वारा हर वर्ष आयोजित किया जाता है। इस वर्ष इसमें देश के विभिन्न प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों से बड़ी संख्या में छात्रों की भागीदारी रही। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिष्ठित भौतिकी वैज्ञानिक, प्रसिद्ध शिक्षक तथा पदमश्री प्रो० एच० सी० वर्मा उपस्थित रहे। वह वर्ष 2017 तक आई आई टी कानपुर में शिक्षक रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक कुलपति प्रो० जीउत सिंह ने की, जबकि प्रो० बी० के० पाण्डेय (अध्यक्ष, छात्र क्रियाकलाप परिषद), डॉ० बी० के० शर्मा (समन्वयक, तकनीकी उप परिषद), डॉ. पल्लव गुप्ता (प्रभारी, तकनीकी उप परिषद) के साथ‑साथ टेक सृजन के शिक्षक सलाहकार डॉ० अनिल कुमार पाल, डॉ० आलोक कुमार शुक्ला एवं डॉ० अजीत कुमार सहित विश्वविद्यालय के अनेक वरिष्ठ शिक्षक एवं गणमान्य अतिथि भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।टेक सृजन के अंतर्गत रोबोटिक्स, कोडिंग, नवाचार, प्रोजेक्ट प्रदर्शन, क्विज़, तकनीकी प्रस्तुतियाँ और विभिन्न कार्यशालाओं सहित अनेक प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य छात्रों में तकनीकी उत्कृष्टता, रचनात्मकता और टीम वर्क की भावना को प्रोत्साहित करना है। यह महोत्सव अभियंत्रण एवं प्रबंधन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विद्यार्थियों, शिक्षकों और उद्योग विशेषज्ञों को एक साझा मंच पर विचार‑विमर्श एवं अनुभवों के आदान‑प्रदान का अवसर प्रदान करता है।विश्वविद्यालय प्रशासन ने आशा व्यक्त की है कि टेक सृजन 2026 के माध्यम से छात्र न केवल नवीन तकनीकी समाधान विकसित करेंगे, बल्कि जिम्मेदार तकनीकी नेतृत्व और उद्यमिता की दिशा में भी सार्थक पहल करेंगे। यह आयोजन विशेष रूप से प्रेरणादायी बना एवं छात्रों में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति नई ऊर्जा का संचार भी हुआ।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….