Breaking News

सोनभद्र: अनियंत्रित पिकअप पलटी, चार मजदूरों की मौत

सोनभद्र। यूपी सीमा से सटे मध्यप्रदेश के सिंगरौली में सोमवार देर रात हुए हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसा यूपी-एमपी सीमा पर स्थित चितरंगी तहसील क्षेत्र के झरकटा पहाड़ के पास हुई। मजदूर यूपी में धान की कटाई के लिए गए थे। वहां से अपने घर लौट रहे थे। हादसा गढ़वा थाना क्षेत्र के नौडिहवा पुलिस चौकी क्षेत्र में रात करीब पौने बारह बजे हुआ। सूचना में विलंब के चलते बचाव व राहत कार्य शुरू करने में देर हुई। बताया जा रहा है कि गढ़वा थाना क्षेत्र में स्थित बगडेवा गांव व आसपास के रहवासी मजदूर करीब डेढ़ माह पहले धान की कटाई के लिए मिर्जापुर स्थित ग्राम मयना गोसाईं, थाना लालगंज गए थे। सोमवार को सभी गांव के किसान अमरेश पटेल की पिकअप से लौट रहे थे। इसी दौरान चितरंगी तहसील क्षेत्र के पुलिस चौकी नौडिहवा के झरकटा सड़क मार्ग पर पिकअप बेकाबू होकर पलट गई। सूचना पर पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप घायल लोगों को बैढ़न स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे में शीलू (32) पुत्र लक्षनधारी, अमरपाल (36) पुत्र राम सूरत बैगा, लाल कुमार (35) पुत्र राजकरण एवं सूरज लाल बैगा (31) की घटनास्थल पर मौत हो गई। तीन मृतक मप्र के बगडेवा गांव के निवासी बताएं जा रहे हैं, जबकि एक यूपी के जुगैल थाना क्षेत्र निवासी हैं। हादसे में घायल ननकू बिंद, अमरेश पटेल, संतोष बैगा, अजय कुमार पटेल सहित एक अन्य को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। नौहडिहवा चौकी प्रभारी मनोज सिंह चौहान ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व ट्रामा सेंटर भिजवाने के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद बगडेवा गांव में मातम पसर गया है। यह भी जानकारी मिली कि पिकअप अजय कुमार पटेल निवासी अमहा नौगवां थाना ड्रामनगंज जिला मिर्जापुर चला रहा था।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: धामूपुर धरवा–सौरम मार्ग की बदहाल स्थिति से ग्रामीण परेशान, टूटी पुलिया से दुर्घटना का खतरा

गाज़ीपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के करंडा ब्लॉक अंतर्गत धामूपुर धरवा से सौरम जाने वाली सड़क …