Breaking News

गाजीपुर: तीन साल से एक कमरे में चल रही पांच कक्षाएं, गरीब बच्चों की शिक्षा से हो रहा खिलवाड़

गाजीपुर। शिक्षा क्षेत्र मरदह अंतर्गत ग्राम रसूलाबाद में प्राथमिक विद्यालय रसूलाबाद की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। यहां पिछले तीन वर्षों से विद्यालय की पांचों कक्षाएं आंगनबाड़ी केंद्र के मात्र एक ही कमरे में संचालित की जा रही हैं। पुराने विद्यालय भवन के जर्जर होने के कारण उसे गिरा दिया गया था, जिसके बाद नए भवन का निर्माण कर वहां नियमित कक्षाएं संचालित होनी थीं, लेकिन आज तक भवन का निर्माण पूरा नहीं हो सका। आंगनबाड़ी केंद्र में चल रहे इस विद्यालय में बच्चों की बुनियादी सुविधाएं नदारद हैं। पीने के पानी के लिए केवल एक इंडिया मार्का हैंडपंप है, जिसका पानी दूषित बताया जा रहा है। मजबूरी में बच्चों को करीब 100 मीटर दूर जाकर पानी पीना पड़ता है। वहीं, शौचालय की कोई व्यवस्था न होने से छात्रों और शिक्षकों दोनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा निर्मित किया जा रहा नया प्राथमिक विद्यालय भवन रसूलाबाद को शिक्षा सत्र 2025-26 में कक्षाएं शुरू करने की समय-सीमा दी गई थी, लेकिन पूरा एक सत्र बीत जाने के बावजूद भवन अब तक पूरी तरह तैयार नहीं हो पाया है। विद्यालय में मुख्य गेट, मिट्टी की पिटाई, दरवाजे, खिड़कियां, शौचालय तथा रंगाई-पुताई का कार्य अभी शेष है। इस स्थिति में वहां बच्चों को बैठाकर पढ़ाना संभव नहीं है। विद्यालय के प्रधानाचार्य दिवाकर मौर्य ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से एक ही कमरे में पांच कक्षाएं संचालित होने के कारण बच्चों के पठन-पाठन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। दूषित जल और शौचालय जैसी सुविधाओं के अभाव में बच्चों को भारी दिक्कतें हो रही हैं, खासकर कड़ाके की ठंड में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। वहीं, विद्यालय भवन निर्माण से जुड़े ठेकेदार कमलेश कुशवाहा ने बताया कि विभाग से दूसरी किस्त का भुगतान न होने के कारण भवन निर्माण कार्य समय से पूरा नहीं हो सका है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से शीघ्र हस्तक्षेप कर भवन निर्माण कार्य पूरा कराने और बच्चों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि गरीब बच्चों की शिक्षा के साथ हो रहे इस खिलवाड़ को रोका जा सके।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में मारपीट, दर्जनों घायल

गाजीपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के बकराबाद गांव में दो गुटों में पुरानी रंजिश को लेकर …