वाराणसी। डॉ. मोहन यादव के काशी आगमन पर कृष्ण सुदामा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, गाज़ीपुर एवं वाराणसी के चेयरमैन तथा भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा (उत्तर प्रदेश) के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश मंत्री डॉ. विजय यादव ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। काशी की पावन धरती वाराणसी पर भारत के स्वाभिमान, नवजागरण और विकास की गौरवशाली परंपरा को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से “महानाट्य सम्राट विक्रमादित्य” का भव्य आयोजन 3 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो गया है। यह आयोजन बी.एल.डब्ल्यू. ग्राउंड में 3 से 5 अप्रैल तक प्रतिदिन सायं 7 बजे आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन के अंतर्गत सम्राट विक्रमादित्य के जीवन एवं भारतीय संस्कृति की महान परंपराओं को नाट्य रूपांतरण के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है। साथ ही “आर्य भारत”, “अयोध्या” तथा “सम्राट विक्रमादित्य” विषयों पर आधारित प्रदर्शनी भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसके अतिरिक्त “शिव पुराण”, “चौरासी महादेव” एवं “श्रीहनुमान” से संबंधित झांकियां तथा मध्यप्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की झलकियां भी प्रदर्शित की जा रही हैं। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के लोक नृत्य एवं देशज व्यंजनों का मेला भी दर्शकों को भारतीय संस्कृति की विविधता से परिचित करा रहा है। विशेष आकर्षण के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर को समर्पित “विक्रमादित्य वैदिक घड़ी” भी प्रस्तुत की गई है, जो श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। आयोजकों ने काशीवासियों एवं आसपास के जनपदों के नागरिकों से इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर इसे सफल बनाने की अपील की है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….