लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदल गया है। एक दिन में ही प्रदेश में 2-4 डिग्री तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अब गर्मी का दौर शुरू होगा और एक सप्ताह के भीतर ही तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। सोमवार से हवा की रफ्तार धीमी होने के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी होती रहेगी। हालांकि एक दिन पहले शनिवार को 30-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवा की वजह से काफी हद तक राहत मिली। तीन-चार दिन पहले तक बारिश-आंधी की वजह से प्रदेश भर में मौसम काफी खुशगवार हो गया था। तापमान में 8 डिग्री तक की कमी दर्ज की गई थी। अप्रैल के महीने में नवंबर जैसा अहसास कराने के बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में मौसम शुष्क होने के बाद पिछले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में औसतन 6-8 डिग्री की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। लेकिन, ज्यादातर जिलों में तापमान अब भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। दिन में 30-50 किमी प्रति घंटा की गति से चल रहीं तेज पछुआ हवाओं का दौर 12 अप्रैल के कम होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक एक सप्ताह में प्रदेश में कोई भी सक्रिय मौसम तंत्र न होने के कारण मौसम शुष्क बना रहने से तापमान में 4-6 डिग्री की संभावित क्रमिक वृद्धि जारी रहेगी। इसके परिणाम स्वरूप राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश में अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री के स्तर को पार कर जाने के आसार हैं।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….