गाजीपुर। स्वामी सहजानंद सरस्वती स्मृति न्यास, गाजीपुर के तत्वावधान में गायत्री शक्तिपीठ, गोडा देहाती (गाजीपुर) पर भगवान विष्णु के छठवें अवतार, चिरंजीवी भगवान परशुराम जी की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान परशुराम जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया, जिसके पश्चात विधिवत यज्ञ, पूजन एवं अर्चन संपन्न हुआ। वातावरण भक्तिमय बना रहा और उपस्थित जनसमूह ने पूरे श्रद्धाभाव से सहभागिता निभाई। इस अवसर पर न्यास के अध्यक्ष रामाश्रय राय, कार्यकारी अध्यक्ष ओमनारायण, प्रधान सचिव अरुण राय, साहब राय (एडवोकेट), अवधेश राय, दिनेश चंद राय, ओम नारायण राय, रोली सिंह, उर्मिला सिंह, नीतू राय, सत्यम राय, संजय तिवारी, ईश्वर पांडे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से भगवान परशुराम जी के चरणों में पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान मारुति कुमार राय (एडवोकेट) ने भगवान परशुराम जी के जीवन और व्यक्तित्व पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि वे केवल शक्ति और पराक्रम के प्रतीक ही नहीं, बल्कि न्याय, धर्म और सत्य के प्रति अटूट निष्ठा के आदर्श भी हैं। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन हमें यह सिखाता है कि अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध दृढ़ता से खड़ा होना ही सच्चा धर्म है। उनका व्यक्तित्व समाज के लिए सर्वकालिक अनुकरणीय है। यज्ञ में व्यास की महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन उर्मिला सिंह ने अत्यंत श्रद्धा और कुशलता के साथ किया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने सहभागिता की और धार्मिक एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….