Breaking News

वाराणसी: सड़क दुर्घटनाओं में दो की मौत, कई घायल

वाराणसी। सरैया-सारनाथ मार्ग पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आटो चालक समेत कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन पुल से नीचे उतर रहा था, जबकि ऑटो पुराने पुल की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने आटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग दूर जा गिरे। हादसे में 24 वर्षीय निहाल अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पंचकोशी चौराहे पर ठेला-खोपचा लगाकर जीवनयापन करने वाली 60 वर्षीय श्याम दुलारी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में ऑटो चालक समेत दो अन्य यात्री भी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। इस दौरान कुछ देर के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति भी बनी रही। एसओ जैतपुरा उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना के आरोपी पिकअप चालक गुड्डू साहू को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …