आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बाजार के पास बरडीहा मोड़ स्थित आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार आर्टिका कार के सामने चल रहे ट्रेलर से टकराने के कारण चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में डाल्टनगंज छोटी मस्जिद के सामने स्थित किताब घर के संचालक हाफिज रज्जाक, जनता मेडिकल से जुड़े कैश अंकल, सब्जी मंडी के व्यवसायी शोहराब राईन तथा वाहन चालक शामिल हैं। सभी श्रद्धालु किछौछा शरीफ से जियारत कर अपने घर लौट रहे थे, तभी उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आर्टिका कार तेज गति से वाराणसी की ओर जा रही थी। इसी दौरान बरडीहा मोड़ के पास कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक युवक की अस्पताल में मौत हो गई। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने अपना नाम अजमल आलम पुत्र लाल मोहम्मद बताया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और उसे क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता दी। वहीं, कार चालक का आधा शरीर वाहन में फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। सूचना मिलते ही देवगांव पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों और मृतकों को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बाद में उपचार के दौरान एक अन्य घायल की भी मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई। खबर लिखे जाने तक पुलिस मृतकों की शिनाख्त कराने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही थी। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….