लखनऊ विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल (मुख्य परिसर) द्वारा विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार एवं इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस क्रम में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ (टीसीएस) की बी.एससी. इग्नाइट हायरिंग 2026 तथा विप्रो में इंटर्नशिप के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन अवसरों का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योगोन्मुख अनुभव प्रदान करना तथा उन्हें प्रतिस्पर्धी रोजगार बाजार के लिए तैयार करना है। कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी ने अपने संदेश में कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ ऐसे अवसर उपलब्ध कराना है, जो उन्हें उद्योग की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करें। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं वैश्विक कंपनियों के साथ बढ़ता संस्थागत समन्वय विद्यार्थियों के लिए नए करियर अवसरों का मार्ग प्रशस्त कर रहा है और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में भी सहायक होगा।टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ (टीसीएस) द्वारा बी.एससी. इग्नाइट हायरिंग – बैच 2026 के अंतर्गत बीसीए, बी.एससी. (आईटी, कंप्यूटर साइंस, गणित, डेटा साइंस, सांख्यिकी, भौतिकी, रसायन विज्ञान, इलेक्ट्रॉनिक्स, साइबर सिक्योरिटी एवं बायोकेमिस्ट्री) तथा बी.वोक. (कंप्यूटर साइंस/आईटी) के विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। टीसीएस का यह कार्यक्रम विज्ञान स्नातकों को उद्योगोन्मुख तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में सफल करियर के लिए तैयार करने हेतु डिज़ाइन किया गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण, उद्योग प्रासंगिक कौशल तथा इंजीनियरिंग स्नातकों के समान करियर विकास के अवसर प्राप्त होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 22 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।इसी प्रकार, विप्रो द्वारा इन-स्टोर सेल्स एग्जीक्यूटिव के रूप में 15 दिवसीय इंटर्नशिप का अवसर उपलब्ध कराया गया है। इस इंटर्नशिप के दौरान प्रतिभागियों को रिटेल उद्योग में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा, जिसमें ग्राहक सेवा, उत्पादों की जानकारी देना, बिक्री गतिविधियों में सहयोग तथा ग्राहक सहभागिता जैसे कार्य शामिल हैं। चयनित इंटर्न को ₹500 प्रतिदिन स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 17 जुलाई 2026 है।इस अवसर पर प्रो. अनूप कुमार भारतीय, चेयरमैन, प्लेसमेंट सेल (मुख्य परिसर), लखनऊ विश्वविद्यालय ने कहा कि प्लेसमेंट सेल विद्यार्थियों को रोजगार एवं इंटर्नशिप के विविध अवसरों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अवसर विद्यार्थियों को उद्योग की कार्य संस्कृति, व्यावहारिक कौशल एवं पेशेवर अनुभव प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनके करियर को नई दिशा प्रदान करते हैं।इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित फ्लायर में दिए गए क्यूआर कोड के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी प्लेसमेंट सेल (मुख्य परिसर), लखनऊ विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….