बलिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के उपलक्ष्य में आयोजित विश्व योग सप्ताह के दूसरे दिन नगरा विकासखंड के देवरिया गांव स्थित बाबा शिवदत्त बहुउद्देशीय हाल में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं ग्रामीणों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया। जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त योग प्रशिक्षक अशोक कुमार मौर्य ने प्रतिभागियों को योग की विभिन्न मुद्राओं एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन नेहरू युवा केंद्र गाजीपुर के सेवानिवृत्त कार्यक्रम सहायक सुभाष चंद्र प्रसाद के नेतृत्व में ग्रामीणों के सहयोग से किया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, अनुशासित एवं तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देती है। योग सप्ताह के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में देवरिया गांव के पूर्व प्रधान राम सरीखा प्रजापति, संरक्षक तेज बहादुर, अमरदेव, नरेश, जयप्रकाश सिंह, उदयभान सिंह, राज नारायण सिंह सहित अनेक ग्रामीणों का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। आयोजकों ने बताया कि योग सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में भी नियमित रूप से योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिकाधिक लोगों को योग के प्रति जागरूक कर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दिया जा सके।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….