वाराणसी। सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के एक साथ पड़ने से सोमवार को काशी में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा। शहर से लेकर गांवों तक के शिव मंदिरों व शिवालयों में भक्तों ने जलाभिषेक किए। काशी विश्वनाथ धाम में रात से ही लाइन में लगे भक्तों ने सुबह मंगला आरती के बाद जलाभिषेक कर मंगल कामनी की। वहीं धाम के आसपास व मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त रही। वहीं कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के स्वागत में हेलिकॉप्टर से फूल बरसाए गए। इससे पहले पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रविवार को मैदागिन से गोदौलिया और गंगाघाट तक व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने कांवड़ मार्ग, प्रमुख संपर्क मार्गों, घाटों और मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों की सुरक्षा व्यवस्था देखी। पुलिस बल की तैनाती, यातायात संचालन, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की जानकारी ली। इसके अलावा तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर, गौरी केदारेश्वर महादेव मंदिर, महामृत्युंजय मंदिर, जागेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ रही।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….