Breaking News

गाजीपुर: अपराधियों ने युवक की हत्‍या कर शव को सड़क पर फेंका, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्‍काजाम

गाजीपुर। बरेसर थाना क्षेत्र के सिपाह गांव में शुक्रवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने युवक की हत्‍या कर नहर के पास सड़क पर फेंक दिया था। युवक का शव घर से 200 मीटर दूर नहर के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। उसकी गर्दन पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्‍जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने सुबूत इकट्‌ठा किए। मामला बरेसर थाना क्षेत्र का है। सिपाह गांव का रहने वाले प्रमोद राजभर (25) का शव घर से करीब 200 मीटर दूर मिला है। परिजनों के अनुसार, प्रमोद शुक्रवार शाम जहूराबाद बाजार सब्जी लेने गया था। वह रात करीब 8 बजे सब्जी लेकर घर लौटा और कुछ देर बाद बाहर चला गया। खाना खाने के समय तक वापस नहीं आया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब 10 से 11 बजे के बीच भाई प्रदीप ने प्रमोद के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन वह बंद मिला। परिजन और ग्रामीण उसे ढूंढते हुए घर के पास नहर की सड़क की ओर पहुंचे। वहां प्रमोद मृत अवस्था में पड़ा मिला। उसकी गर्दन पर गहरे जख्म देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ सुधाकर पांडेय, बरेसर थाना प्रभारी ओमप्रकाश और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। प्रमोद की शादी नहीं हुई थी और वह ट्रेलर चलाता था। पिता रविंद्र राजभर खेती करते हैं। हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने जहूराबाद-बाराचवर मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। इस घटना के बाद मृतक के पिता रविंद्र राजभर, मां सुशीला देवी और भाई प्रदीप राजभर का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच में जुटी है। सीओ सुधाकर पांडे ने कहा कि इस मामले में जांच कर अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: जियारत एक्‍सप्रेस को दिलदारनगर स्‍टेशन पर ठहराव के लिए रेल मंत्रालय ने दी हरी झंडी- विनीत तिवारी

गाजीपुर। विनीत कुमार तिवारी प्रदेश प्रवक्ता जदयू ने बताया कि राजेन्द्रनगर टर्मिनल से चलकर अजमेर …