Breaking News

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर में आयोजित हुआ रक्‍तदान शिविर, कुलपति ने किया रक्‍तवीरो को सम्‍मानित

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ द्वारा शुक्रवार को विश्वविद्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर के सहयोग से आयोजित शिविर में विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कुल 53 यूनिट रक्तदान किया।शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें समाजहित एवं मानव सेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था। शिविर में योग्य एवं इच्छुक विद्यार्थियों तथा एनएसएस स्वयंसेवकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में योगदान दिया।शिविर का शुभारंभ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान को मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव चंद्र प्रकाश प्रियदर्शी ने भी रक्तदान कर इस सामाजिक पहल में सहभागिता की। प्रो. बी.के. पाण्डेय, विस्तार, क्षेत्रीय संपर्क एवं पूर्व छात्र संबंध भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।शिविर के आयोजन एवं संचालन में डॉ. ए.के. पांडेय, डॉ. रीना बांका, एनएसएस संकाय प्रभारी डॉ. सत्यप्रकाश यादव, डॉ. एस.पी. मौर्य एवं डॉ. नेहा मिश्रा सहित शिक्षकगण एवं एनएसएस पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बीआरडी मेडिकल कॉलेज की ओर से डॉ. मीनाक्षी मिश्रा के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच, रक्त संग्रहण तथा अन्य चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संपन्न कराया।शिविर में रक्तदान करने वाले विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों को कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक ने मेडल एवं रक्तदान प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने रक्तदाताओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।रक्तदान आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, प्रसव तथा अन्य चिकित्सकीय परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में प्रत्येक रक्तदाता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। एमएमएमयूटी में आयोजित इस शिविर ने विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व से जोड़ने के साथ उनमें परोपकार, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी सुदृढ़ किया।शिविर के सफल आयोजन के लिए एनएसएस प्रकोष्ठ की ओर से सभी रक्तदाताओं एवं स्वयंसेवकों, बीआरडी मेडिकल कॉलेज की चिकित्सकीय टीम, विश्वविद्यालय प्रशासन तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। 53 यूनिट रक्तदान के साथ संपन्न यह शिविर विश्वविद्यालय परिवार की सामाजिक संवेदनशीलता और मानव सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रभावी उदाहरण बना।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: आम जनता की आवाज बंद करना चाहती है भाजपा सरकार- पूर्व एमएलसी रामजतन राजभर

गाजीपुर। विधानसभा जंगीपुर के मलेठी और बंतरा में पीडीए जन पंचायत कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम …