Breaking News

एमएमएमयूटी में टीसीएस टेक्नोलॉजी-डे का सफल आयोजन, 240 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर में टीसीएस अकादमिक अलायंसेज ग्रुप के तत्वावधान में प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल के अंतर्गत टीसीएस टेक्नोलॉजी डे का आयोजन किया गया। एमएमएमयूटी रेसो के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 240 से अधिक विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में आयोजित एआई हैकाथॉन में 90 से अधिक टीमों ने भाग लेकर तकनीकी प्रतिभा, नवाचार और समस्या-समाधान क्षमता का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए नेतृत्व संवाद, एजेंटिक एआई पर तकनीकी व्याख्यान तथा आधुनिक तकनीकों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। टीसीएस के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उभरती तकनीकों, उद्योग जगत की बदलती आवश्यकताओं तथा तकनीकी क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रशांत सिन्हा, क्लाइंट पार्टनर, अल्टीमैटिक्स एवं एमएमयूटी के पूर्व छात्र रहे। उनके साथ मनीष राजपूत, एआई आर्किटेक्ट, एआई एंड एसटी सर्विसेज तथा नवीन वर्मा, संदीप जोशी, क्षेत्रीय प्रमुख–अकादमिक अलायंसेज ग्रुप, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और उनकी टीम ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया तथा उन्हें तकनीकी क्षेत्र में नवीनतम संभावनाओं से अवगत कराया।इस अवसर पर प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल के समन्वयक प्रो. वी.के. द्विवेदी, सूचना प्रौद्योगिकी एवं कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. आशीष श्रीवास्तव, कार्यक्रम समन्वयक, तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. एस.पी. मौर्य, सह-समन्वयक, उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दूसरे चरण में आयोजित एआई हैकाथॉन में 90 से अधिक टीमों ने विभिन्न वास्तविक समस्याओं के तकनीक आधारित समाधान प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने एआई, नवाचार, रचनात्मक सोच, टीमवर्क और समस्या-समाधान के माध्यम से अपने विचारों को व्यावहारिक समाधानों में बदलने का प्रयास किया।प्रतियोगिता में ‘मिनी एक्स’ टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम ने ‘स्लेट से सिलिकॉन’ विषय पर अपना समाधान प्रस्तुत किया। टीम में रुद्र नारायण पांडेय टीम प्रमुख तथा तनय अग्रवाल और नितिन कुमार मिश्रा सदस्य रहे।‘ड्युअल कोर’ टीम ने ‘भाषाक्लास सामग्री स्टूडियो’ विषय पर समाधान प्रस्तुत कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। टीम में आकाश सिकरवार टीम प्रमुख तथा प्रियंशी श्रीवास्तव सदस्य रहीं।वहीं ‘टेकफैनाटिक्स’ टीम ने ‘खराब मौसम के बाद फसल क्षति का आकलन’ विषय पर समाधान प्रस्तुत कर तृतीय स्थान हासिल किया। टीम में नवलेश सिंह, शौर्य कुमार एवं सूरज पटेल सदस्य रहे।हैकाथॉन में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली पांच टीमों को टीसीएस की ओर से सम्मानित किया गया। चयनित टीमों के प्रतिभागियों को टी-शर्ट, प्रमाणपत्र और पदक प्रदान किए गए। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।टीसीएस टेक्नोलॉजी डे विद्यार्थियों और उद्योग जगत के बीच संवाद का प्रभावी मंच बना। 240 से अधिक विद्यार्थियों और 90 से अधिक टीमों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को तकनीकी नवाचार और उत्साह से भर दिया। विद्यार्थियों को उद्योग विशेषज्ञों से सीधे सीखने, नई तकनीकों को समझने और अपने तकनीकी विचारों को व्यावहारिक समाधानों में परिवर्तित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। टीसीएस टेक्नोलॉजी डे ने विद्यार्थियों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने तथा उनमें नवाचार, टीमवर्क और समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: आम जनता की आवाज बंद करना चाहती है भाजपा सरकार- पूर्व एमएलसी रामजतन राजभर

गाजीपुर। विधानसभा जंगीपुर के मलेठी और बंतरा में पीडीए जन पंचायत कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम …