गाजीपुर। छात्रों में शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक कौशल विकसित करने के उद्देश्य से महात्मा ज्योति राव फुले पब्लिक स्कूल, जगदीशपुरम रौजा, गाजीपुर में शुक्रवार को भव्य कला प्रदर्शनी एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक एवं पूर्व सांसद मुख्य अतिथि माननीय जगदीश सिंह कुशवाहा जी ने दीप प्रज्वलित कर किया।कला प्रदर्शनी में कक्षा 1 से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने अपनी चित्रावलियों एवं कलाकृतियों का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने साइबर सिक्योरिटी, मंडाना फोक आर्ट, विकसित भारत, सोनम वांगचुक, पोर्ट्रेट, एग्जाम एक्सेस, स्टूडेंट्स प्रोटेस्ट, ए-रोबोट, न्यू फ्यूजन आर्ट, वूमेन एम्पावरमेंट, स्ट्रेंजर थिंग्स आदि विषयों पर आकर्षक पेंटिंग्स प्रस्तुत कीं। वहीं आर्ट एंड क्राफ्ट के अंतर्गत लिप्पन आर्ट, बॉटल आर्ट, पेपर मैशी, फेस आर्ट, पेपर डॉल, वॉल हैंगिंग, झूमर आदि आकर्षक क्राफ्ट वर्क भी प्रदर्शित किए गए।इसके साथ ही विद्यालय परिसर में मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने अपने हाथों पर आकर्षक एवं रचनात्मक मेहंदी डिजाइनों को उकेरते हुए अपनी कला-कौशल और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, बारीकी और कलात्मक अभिव्यक्ति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।कला प्रदर्शनी में लगी चित्रावलियों एवं कलाकृतियों का अवलोकन करते हुए मुख्य अतिथि जगदीश सिंह कुशवाहा जी ने इस भव्य आयोजन के लिए छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन चित्रावलियों में प्राचीन संस्कृति एवं आधुनिक संस्कृति का अद्भुत तालमेल स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। ये चित्र समाज में जागरूकता, संवेदना और सांस्कृतिक एकता का संदेश देते हैं। विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से मानवीय भावनाओं को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया है तथा पर्यावरण संरक्षण, शांति और महिला सशक्तीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार करने के लिए प्रेरित किया है।कला प्रदर्शनी एवं मेहंदी प्रतियोगिता का छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने खूब आनंद लिया तथा विद्यार्थियों के अद्भुत प्रयासों की सराहना की।विद्यालय के प्रधानाचार्य सुदर्शन सिंह कुशवाहा ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने रंगों, आकारों एवं विभिन्न कलात्मक माध्यमों के जरिए अपनी कल्पनाओं को सबके सामने रखा है। उनकी कलाकृतियाँ बिना शब्दों के भी अलग-अलग भावों को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करती प्रतीत होती हैं। इस प्रकार के आयोजन से बच्चों की कल्पना शक्ति, रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता एवं सामाजिक समझ का विकास होता है।उन्होंने कला प्रदर्शनी एवं मेहंदी प्रतियोगिता के सफल आयोजन में कला शिक्षकों डॉ. राजीव गुप्ता, धनलक्ष्मी वर्मा एवं अनिल कुमार सिंह कुशवाहा तथा सभी छात्र-छात्राओं के योगदान की सराहना की।इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक सुरेश प्रसाद चौरसिया, हरि कुशवाहा, दिनकर सिंह, सरस्वती सिंह, संजीव अग्रहरी, महज बीन बानो, डॉ. दीपिका, दीपक कुमार, राज नारायण कुशवाहा, अनुपमा वर्मा, महेश चौहान, कृष्णानंद तिवारी सहित समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के उप प्रधानाचार्य राकेश पांडे जी ने किया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….