Breaking News

आजमगढ़: फर्जी खतौनी के आधार पर जमीन बेचने का ठगी करने वाले गिरोह का हुआ पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

आजमगढ़। अहरौला पुलिस ने शुक्रवार को फर्जी खतौनी के आधार पर जमीन बेचने का झांसा देकर 35 लाख रुपये की ठगी करने वाले चार सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड शोभनाथ सेठ समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त एक कार और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी शोभनाथ सेठ के खिलाफ एनआई एक्ट के 20 से अधिक मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि अहरौला पुलिस को सूचना मिली कि थाना अहरौला में दर्ज धोखाधड़ी के प्राथमिकी से जुड़े आरोपी बरामदपुर पुलिया की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोककर तलाशी ली। इसके बाद अहरौला थाना क्षेत्र के मतलूबपुर निवासी शोभनाथ सेठ, सुधीर सेठ, इन्द्रभूषण सेठ और दनियालपुर निवासी मुन्नीलाल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फर्जी एवं कूटरचित खतौनी दिखाकर लोगों को जमीन बेचने का झांसा देते थे। भरोसा जीतने के बाद बैंक खाते में आरटीजीएस और नकद के माध्यम से रुपये ले लेते थे, लेकिन न तो जमीन का बैनामा कराते थे और न ही रकम वापस करते थे। रुपये मांगने पर पीड़ितों के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। इस मामले में अतरौलिया थाना क्षेत्र के दुर्गेश कुमार पांडेय की तहरीर पर थाना अहरौला में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी शोभनाथ सेठ और उसके भाई सुधीर सेठ के खिलाफ पूर्व में भी धोखाधड़ी सहित कई प्राथमिकी दर्ज हैं। शोभनाथ सेठ के विरुद्ध एनआई एक्ट के 20 से अधिक मामले भी न्यायालय में विचाराधीन हैं। पुलिस आरोपियों के अन्य मामलों और ठगी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: चार प्रतिष्‍ठानो में मिलें किशोर श्रमिक, श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने की कार्यवाही

गाजीपुर! अध्यक्ष, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, नई दिल्ली के पत्र दिनांक 10.06.2026 के क्रम …