Breaking News

गाजीपुर: ट्रेलर की चपेट में आने से दो दोस्तों की मौत

गाजीपुर। रक्षाबंधन पर्व से ठीक पहले बृहस्पतिवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा नेशनल हाईवे-124सी पर उतरौली गांव के समीप हुआ। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद दोनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। रेवतीपुर थानाध्यक्ष राजू दिवाकर के अनुसार, नगरहाल्ट थाना क्षेत्र के अवती गांव निवासी सतीश सिंह (23) पुत्र स्व. कन्हैया सिंह और लालबहादुर सिंह (25) पुत्र रमेश सिंह बृहस्पतिवार रात मोटरसाइकिल से भदौरा से रेवतीपुर होते हुए अपने गांव अवती जा रहे थे। रात करीब 10 बजे दोनों उतरौली गांव के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और उसने बाइक सवार दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रेलर सड़क किनारे स्थित एक घर से भी जा टकराया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। दुर्घटना के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस ने हादसे के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवकों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पर्व की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।

Image 1 Image 2

Check Also

पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह को सूट करता है प्रतिद्वंदी मुस्लिम प्रत्‍याशी

शिवकुमार गाजीपुर। जिले में सबसे ज्‍यादा सात बार विधायक बनने का रिकार्ड बनाने वाले पूर्व …